Mumbai Rain : देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. शहर के कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया है, जिससे लोगों की आवाजाही मुश्किल हो गई है. हालात ऐसे हैं कि कई स्थानों पर खड़ी कारें पानी में डूबी दिखाई दे रही हैं, जबकि कुछ जगहों पर बच्चे जलभराव वाले रास्तों पर तैरते नजर आए. निचले इलाकों में कई घरों और दुकानों में भी पानी घुसने से लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं.
बारिश के कारण अंधेरी सबवे कई दिनों से बंद है, जिससे ट्रैफिक और दैनिक आवागमन प्रभावित हो रहा है. लगातार हो रही बारिश के बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने रविवार के लिए भी मुंबई और आसपास के जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है.
दिनभर भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार, दिनभर तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है. वहीं, दोपहर 3:22 बजे 4.19 मीटर ऊंची हाई टाइड आने की संभावना भी जताई गई है. ऐसे में प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें और समय-समय पर जारी किए जा रहे निर्देशों का पालन करें.
किसी भी आपात स्थिति में नागरिक बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) की हेल्पलाइन 1916 पर संपर्क कर सकते हैं. मुंबई की मेयर रितु तावड़े और बीएमसी का प्रशासनिक अमला लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है. अलग-अलग इलाकों के लिए भी हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं ताकि जरूरत पड़ने पर लोगों को तुरंत सहायता मिल सके.
घाट क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश की संभावना
IMD के मुताबिक, 4 से 6 जुलाई के बीच मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR), कोंकण और मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश की संभावना बनी हुई है. इसके अलावा मुंबई, रायगढ़, ठाणे, पालघर, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग में भी भारी बारिश का अनुमान है. वहीं सतारा, पुणे और नासिक के घाट इलाकों में भी मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है.
ये भी पढ़ें – दिल्ली में ISI के निर्देश पर काम करने वाले 4 आतंकी गिरफ्तार, बड़े हमले की थी तैयारी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









