Aamir Khan : बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान ने आखिरकार अपनी लेडी लव गौरी स्प्रैट के साथ नई जिंदगी की शुरुआत कर दी है. लंबे समय से दोनों की शादी को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच अब उनकी शादी की पहली तस्वीर सामने आ गई है. तस्वीर सामने आते ही सोशल मीडिया पर यह चर्चा का सबसे बड़ा विषय बन गई है और फैंस लगातार इस जोड़ी को शुभकामनाएं दे रहे हैं.
सामने आई तस्वीर में आमिर खान शादी के दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करते नजर आ रहे हैं. उनके चेहरे पर नई शुरुआत की खुशी साफ दिखाई दे रही है. इस खास मौके पर दोनों परिवारों के करीबी सदस्य भी मौजूद रहे, जिससे पूरा माहौल बेहद भावुक और पारिवारिक नजर आया.
पहली तस्वीर ने जीता दिल
इस तस्वीर की सबसे खास बात यह रही कि गौरी स्प्रैट का बेटा क्विन उनकी गोद में बैठा दिखाई दिया. वहीं आमिर खान की 91 वर्षीय मां जीनत व्हीलचेयर पर बैठकर बेटे की खुशियों की गवाह बनीं. इसके अलावा आमिर और किरण राव के बेटे आजाद भी अपने पिता को हस्ताक्षर करते हुए ध्यान से देखते नजर आए. परिवार के इन भावुक पलों ने तस्वीर को और भी खास बना दिया.
गोल्डन-बेज सूट में छाईं गौरी
अगर दोनों के लुक की बात करें तो आमिर खान ने हमेशा की तरह सादगी को चुना. वह ऑफ-व्हाइट रंग के कुर्ता-पायजामा में नजर आए. वहीं गौरी स्प्रैट ने हल्के गोल्डन-बेज रंग का पारंपरिक सूट पहना, जिस पर बारीक कढ़ाई की गई थी. ब्रेड स्टाइल पोनीटेल, हल्का मेकअप और मुस्कुराता चेहरा उनके पूरे लुक को बेहद आकर्षक बना रहा था.
फूलों से सजे कमरे, सामने रखी रजिस्ट्रेशन बुक और परिवार की मौजूदगी ने इस शादी को बेहद निजी और यादगार बना दिया. 61 साल की उम्र में आमिर खान ने अपनी जिंदगी का नया अध्याय शुरू किया है. शादी की पहली तस्वीर सामने आते ही फैंस की ओर से बधाइयों का सिलसिला लगातार जारी है.
ये भी पढ़ें – दिल्ली में ISI के निर्देश पर काम करने वाले 4 आतंकी गिरफ्तार, बड़े हमले की थी तैयारी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









