बड़ी ख़बरविदेश

इजराइल बढ़ा रहा गाजा पर कब्जा, 70% इलाके पर सैन्य नियंत्रण का आदेश, गाजा में संकट गहराया

Middle East Crisis : इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गाजा पट्टी के 70 प्रतिशत हिस्से पर सैन्य नियंत्रण बढ़ाने का आदेश दिया है। वेस्ट बैंक में गुरुवार को एक कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि फिलहाल इजराइल गाजा के 60 प्रतिशत हिस्से को नियंत्रित करता है, जबकि पहले यह आंकड़ा 50 प्रतिशत था। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगला कदम 70 प्रतिशत तक विस्तार करना होगा।

युद्धविराम समझौते की शर्तों के खिलाफ

इस कदम को अक्टूबर 2025 में हुए युद्धविराम समझौते की शर्तों के खिलाफ माना जा रहा है। समझौते के तहत इजराइली सेना को ‘येलो लाइन’ के पीछे हटना था, जिसके बाद गाजा का लगभग 53 प्रतिशत हिस्सा इजराइल के नियंत्रण में था। हमास का आरोप है कि इजराइल धीरे-धीरे इस सीमा को और आगे खिसका रहा है।

दोनों पक्षों के बीच बातचीत ठप

अब कई रिपोर्टों के अनुसार गाजा के करीब 60-64 प्रतिशत इलाके पर इजराइल का नियंत्रण है। शांति योजना के अगले चरण में हमास के हथियार छोड़ने और इजराइली सेना की वापसी का प्रस्ताव था, लेकिन दोनों पक्षों के बीच बातचीत फिलहाल ठप पड़ी हुई है।

अगर 70 प्रतिशत इलाके पर कब्जा…

युद्ध, बमबारी और लगातार विस्थापन के कारण गाजा के अधिकांश इलाके पहले ही तबाह हो चुके हैं। द गार्डियन की रिपोर्ट के अनुसार, अगर इजराइल 70 प्रतिशत इलाके पर कब्जा कर लेता है, तो गाजा के लगभग 22 लाख लोगों को केवल जमीन के एक-तिहाई हिस्से में रहना पड़ेगा।

हर खाली जगह पर लगे टेंट

यूरोपियन काउंसिल ऑन फॉरेन रिलेशंस के विजिटिंग फेलो मुहम्मद शेहादा ने कहा कि हालात पहले ही बेहद खराब हैं। उन्होंने बताया, “हर खाली जगह पर विस्थापित परिवारों के टेंट लगे हैं। यदि इलाका और छोटा हुआ, तो बड़ी संख्या में लोगों के पास रहने की जगह नहीं बचेगी।

बड़े इलाके को नो-मैन्स-लैंड किया घोषित

गाजा के स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार अक्टूबर 2025 में सीजफायर लागू होने के बावजूद अब तक करीब 900 फिलिस्तीनी मारे जा चुके हैं। इजराइली सेना ने ‘येलो लाइन’ के आसपास बड़े इलाके को नो-मैन्स-लैंड घोषित किया है, और यहां किसी भी गतिविधि को खतरा मानकर कार्रवाई की जा रही है। संयुक्त राष्ट्र की हालिया ब्रीफिंग में बताया गया कि उत्तरी गाजा के जबालिया इलाके में टैंकों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, और ड्रोन किसी भी हलचल को निशाना बना रहे हैं।

ये भी पढ़ें- अक्षरा सिंह के गाने पर मां नीलिमा सिंह हुईं भावुक, अक्षय कुमार संग बॉलीवुड में किया डेब्यू

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button