Mumbai-Ahmedabad Bullet Train Project : देश के पहले मुंबई–अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट को लेकर एक अहम प्रगति सामने आई है। गुजरात के अहमदाबाद में साबरमती नदी पर बन रहे हाईस्पीड रेल ब्रिज का निर्माण तेजी से आगे बढ़ रहा है। यह पुल बुलेट ट्रेन कॉरिडोर का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जहां ट्रेन लगभग 12 मंजिला इमारत जितनी ऊंचाई पर दौड़ेगी।
यह ब्रिज करीब 480 मीटर लंबा
नेशनल हाई स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (NHSRCL) के अनुसार, साबरमती नदी पर तैयार हो रहा यह ब्रिज करीब 480 मीटर लंबा है और लगभग 36 मीटर (118 फीट) की ऊंचाई पर स्थित है। यह संरचना अहमदाबाद के साबरमती और मुख्य बुलेट ट्रेन स्टेशन के बीच रणनीतिक रूप से बनाई जा रही है।
पुल के आठ पिलरों का काम लगभग पूरा
रिपोर्ट के मुताबिक, पुल के सभी आठ पिलर पूरे हो चुके हैं, जिनका व्यास लगभग 6 से 6.5 मीटर के बीच है। इनमें से कुछ पिलर नदी के अंदर, कुछ किनारों पर और कुछ नदी तट के बाहर बनाए गए हैं। इनकी ऊंचाई लगभग 31 से 34 मीटर तक है।
सेगमेंट तकनीक का किया जा रहा उपयोग
निर्माण कार्य के दौरान नदी के प्राकृतिक बहाव पर कम से कम असर पड़े, इसके लिए पिलरों की योजना खास तकनीक के साथ तैयार की गई है। यह पुल 76-76 मीटर के कई स्पैन और 50 मीटर के दो स्पैन से मिलकर बन रहा है, जिसमें सेगमेंट तकनीक का उपयोग किया जा रहा है। इसके निर्माण में बैलेंस्ड कैंटिलीवर विधि अपनाई गई है, जो लंबे और गहरे जल क्षेत्रों में पुल निर्माण के लिए उपयुक्त मानी जाती है।
प्रगति पर हाईस्पीड कॉरिडोर का काम
सरकारी जानकारी के अनुसार, मुंबई–अहमदाबाद हाईस्पीड कॉरिडोर का काम तेजी से चल रहा है और इसका संचालन वर्ष 2027 तक शुरू करने की योजना है। यह प्रोजेक्ट देश की हाईस्पीड रेल यात्रा में एक बड़ा बदलाव लेकर आएगा।
ये भी पढ़ें- पाकिस्तान की भूमिका पर ईरान ने जताई आपत्ति, कहा- पाकिस्तान मध्यस्थ के लायक नहीं
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









