No Sugar Challenge : चीनी का स्वाद भले ही लोगों को पसंद आता है, लेकिन जरूरत से ज्यादा सेवन शरीर के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है। सुबह की चाय से लेकर पैकेट वाले फूड्स और मीठी चीजों तक, कई लोग रोजाना जरूरत से ज्यादा शुगर ले लेते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार ज्यादा चीनी का सेवन मोटापा, डायबिटीज, फैटी लिवर और लगातार कम ऊर्जा जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ा सकता है।
गैस्ट्रोएंटरोलॉजिस्ट डॉ. शुभम वात्स्य के अनुसार, अगर कोई व्यक्ति सिर्फ 14 दिनों तक चीनी का सेवन बंद कर देता है तो शरीर में कई सकारात्मक बदलाव देखने को मिल सकते हैं। हालांकि, शुरुआत के कुछ दिन चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं।
सिरदर्द, थकान, मूड में बदलाव और ऊर्जा
डॉक्टर के मुताबिक, शुगर छोड़ने के शुरुआती 2-3 दिनों में शरीर को इसकी आदत से बाहर निकलने में समय लगता है। इस दौरान मीठा खाने की इच्छा बढ़ सकती है, सिरदर्द, थकान, मूड में बदलाव और ऊर्जा की कमी जैसी परेशानियां महसूस हो सकती हैं। कुछ लोगों का वाटर वेट भी कम हो सकता है, जिससे उन्हें हल्कापन महसूस होता है।
इस दौरान शुगर की क्रेविंग को नियंत्रित करने के लिए डाइट में प्रोटीन और फाइबर की मात्रा बढ़ाना फायदेमंद हो सकता है। इसके अलावा पर्याप्त पानी पीना और जूस की जगह पूरे फल खाना बेहतर विकल्प माना जाता है।
मीठा खाने की इच्छा भी हो सकती है कम
अगर कोई व्यक्ति शुरुआती तीन दिन बिना चीनी के निकाल लेता है तो चौथे और पांचवें दिन से शरीर में बदलाव महसूस होने लगते हैं। शुगर की कमी से ब्लड ग्लूकोज और इंसुलिन के बार-बार बढ़ने-घटने की प्रक्रिया कम होने लगती है। धीरे-धीरे मीठा खाने की इच्छा भी कम हो सकती है।
दूसरे सप्ताह तक शरीर शुगर की आदत से काफी हद तक बाहर आने लगता है। ब्लड शुगर और इंसुलिन का स्तर ज्यादा संतुलित रहने लगता है और दिमाग में मीठे की इच्छा से जुड़े संकेतों में भी बदलाव आ सकता है।
बेहतर खानपान की ओर बढ़ने का प्रयास
हालांकि, शुगर छोड़ने का मतलब सिर्फ सफेद चीनी से दूरी बनाना नहीं है। इस दौरान कोल्ड ड्रिंक, फ्रूट जूस, बिस्किट, केक, मिठाई और पैकेट वाले स्नैक्स से भी बचना जरूरी है। फल खाए जा सकते हैं क्योंकि इनमें फाइबर, विटामिन और मिनरल्स पाए जाते हैं। डॉ. शुभम वात्स्य के अनुसार, 14 दिन का यह चैलेंज वजन घटाने का नहीं बल्कि शरीर को अतिरिक्त चीनी की आदत से बाहर निकालने और बेहतर खानपान की ओर बढ़ने का प्रयास है।
Disclaimer : यह जानकारी केवल सामान्य जागरूकता के लिए है। डाइट या स्वास्थ्य से जुड़े किसी भी बदलाव से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
ये भी पढ़ें- UPSSSC ने शुरू की फ्री OTR सुविधा, जानिए कैसे मिलेगा भविष्य की सभी भर्तियों में फायदा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









