Health News : आजकल कई युवाओं में पैरों में दर्द, सूजन और चलने-फिरने में परेशानी जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। लंबे समय तक खड़े रहने या बैठने पर पैरों का साथ न देना और कमजोरी महसूस होना आम बात होती जा रही है। डॉक्टरों के अनुसार इसका मुख्य कारण पैरों की मांसपेशियों और नसों का कमजोर होना है।
पैरों की नसों को पहुंचाता है नुकसान
डॉ. राजीव परख के अनुसार इसके पीछे कई जीवनशैली से जुड़े कारण जिम्मेदार हैं। सबसे बड़ा कारण तंबाकू का सेवन है। चाहे सिगरेट हो, बीड़ी, गुटखा या अन्य किसी रूप में तंबाकू, यह पैरों की नसों को नुकसान पहुंचाता है। इससे नसें सख्त और संकरी हो जाती हैं, जिससे खून का प्रवाह कम हो जाता है और पैरों को पर्याप्त पोषण नहीं मिल पाता।
इसके अलावा, अत्यधिक वजन बढ़ना भी एक बड़ा कारण है। जंक फूड, तला-भुना खाना और अधिक कोलेस्ट्रॉल वाली चीजें शरीर का वजन बढ़ाती हैं, जिससे पैरों पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है और सूजन की समस्या बढ़ जाती है।
विटामिन B12 व विटामिन D की कमी
बहुत कम शारीरिक गतिविधि भी पैरों को कमजोर करती है। लंबे समय तक बैठे रहने या कम चलने-फिरने से पैरों की मांसपेशियां सुस्त हो जाती हैं और ब्लड सर्कुलेशन धीमा पड़ जाता है। इससे धीरे-धीरे पैरों में दर्द और कमजोरी बढ़ने लगती है। गलत जूते पहनना और शरीर में विटामिन B12 व विटामिन D की कमी भी हड्डियों और मांसपेशियों को कमजोर कर देती है। इससे पैरों की बनावट और संतुलन पर भी असर पड़ता है, जिससे चलने में परेशानी हो सकती है।
लंबे समय तक पैरों को नीचे लटकाकर बैठना भी नुकसानदायक होता है, क्योंकि इससे रक्त प्रवाह प्रभावित होता है और पैरों में भारीपन महसूस होने लगता है।
कैल्शियम युक्त भोजन पैरों की सेहत
इन समस्याओं से बचने के लिए रोजाना 30 से 40 मिनट टहलना फायदेमंद माना जाता है। नियमित वॉक से पैरों में ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है और सूजन कम होती है। वजन को नियंत्रित रखना, पौष्टिक आहार लेना और तले हुए भोजन से बचना भी जरूरी है। हरी सब्जियां, फल, प्रोटीन और कैल्शियम युक्त भोजन पैरों की सेहत के लिए अच्छे माने जाते हैं। साथ ही आरामदायक जूते पहनना और लंबे समय तक एक ही स्थिति में न बैठना भी पैरों को स्वस्थ रखने में मदद करता है।
Disclaimer : यह जानकारी केवल सामान्य जागरूकता के लिए है। किसी भी स्वास्थ्य समस्या, डाइट बदलाव या फिटनेस शुरू करने से पहले डॉक्टर की सलाह लें। यह लेख किसी भी दावे की पुष्टि नहीं करता।
ये भी पढ़ें- वैभव सूर्यवंशी की एंट्री से बदलेगा पूरा खेल, करारी हार के बाद भारत का मास्टरप्लान, 15 साल का लड़का करेगा डेब्यू?
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









