Uttar Pradeshराज्य

मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, ट्रक से टकराई डबल डेकर बस, 4 की मौत, कई घायल

Mathura Road Accident : उत्तर प्रदेश के मथुरा में मंगलवार तड़के यमुना एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया. थाना राया क्षेत्र में माइलस्टोन 112 और 113 के बीच गोला बस सर्विस की एक वोल्वो बस पीछे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई. इस हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से 25 यात्री घायल हो गए.

पुलिस के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त वोल्वो बस (नंबर BR 28P 4723) में करीब 65 यात्री सवार थे. टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों की चीख-पुकार सुनाई देने लगी.

घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया

सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), क्षेत्राधिकारी महावन और थाना प्रभारी राया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमों ने भी राहत एवं बचाव अभियान चलाया. बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल मथुरा भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है. घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है.

हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने बताया कि बस में मौजूद करीब 35 यात्रियों को सुरक्षित दूसरे वाहनों की व्यवस्था कर उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया. वहीं हादसे में जान गंवाने वाले चारों लोगों की पहचान कराने की प्रक्रिया जारी है और उनके परिजनों को सूचना देने की कार्रवाई की जा रही है.

दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए घटनास्थल पर अव्यवस्था की स्थिति बनी रही, लेकिन पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए यातायात को सामान्य कर दिया. फिलहाल यमुना एक्सप्रेसवे पर आवागमन सुचारु रूप से जारी है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार या चालक की लापरवाही मानी जा रही है. हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा.

ये भी पढ़ें – मैंने कुछ दिन पहले ही कहा था कि सरकार बेशर्मी से चंदा चोरों के साथ खड़ी है- केजरीवाल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button