खेल

वैभव सूर्यवंशी की एंट्री से बदलेगा पूरा खेल, करारी हार के बाद भारत का मास्टरप्लान, 15 साल का लड़का करेगा डेब्यू?

INDvsENG : आयरलैंड के खिलाफ T20 सीरीज में हार के बाद भारतीय टीम अब इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की T20I सीरीज में नए सिरे से शुरुआत करने के इरादे से उतरेगी। दोनों टीमों के बीच पहला मुकाबला 1 जुलाई को चेस्टर-ले-स्ट्रीट के रिवरसाइड ग्राउंड में खेला जाएगा। इस मैच के लिए टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में कुछ अहम बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

टीम संयोजन में बदलाव संभव

सबसे ज्यादा चर्चा 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लेकर हो रही है। आयरलैंड के खिलाफ दोनों मुकाबलों में बेंच पर रहने के बाद अब उनके डेब्यू की संभावना जताई जा रही है। उन्हें ओपनिंग स्लॉट में मौका मिल सकता है, जिससे टीम संयोजन में बदलाव संभव है।

संजू सैमसन का नहीं चला बल्ला

इस स्थिति का असर संजू सैमसन पर पड़ सकता है, जिन्होंने आयरलैंड के खिलाफ ओपनिंग करते हुए पहले मैच में 5 रन और दूसरे मैच में बिना खाता खोले आउट हो गए थे। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि उन्हें सिर्फ ओपनिंग से हटाया जाएगा या प्लेइंग इलेवन से बाहर किया जाएगा। पहले मैच में उन्होंने विकेटकीपिंग की थी, जबकि दूसरे मैच में यह जिम्मेदारी ईशान किशन को दी गई थी, जो बल्ले से खास प्रदर्शन नहीं कर सके।

अभिषेक शर्मा की जगह पक्की

अगर टीम तीन बाएं हाथ के बल्लेबाजों को टॉप ऑर्डर में नहीं रखना चाहती, तो ऐसी स्थिति में ईशान किशन को बाहर बैठना पड़ सकता है और वैभव सूर्यवंशी को मौका मिल सकता है। वहीं अभिषेक शर्मा ने पहले मैच में 20 गेंदों पर 49 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर अपनी जगह लगभग पक्की कर ली है।

वॉशिंगटन सुंदर कर सकते हैं वापसी

गेंदबाजी आक्रमण में बड़े बदलाव की संभावना कम है, हालांकि दूसरे टी20 में डेब्यू करने वाले ऑलराउंडर सूर्यांश शेडगे के प्रदर्शन के बाद उनकी जगह पर सवाल उठे हैं। ऐसे में वॉशिंगटन सुंदर की वापसी की संभावना भी बन सकती है।

भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन

इंग्लैंड के खिलाफ पहले T20I के लिए भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन में अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और प्रिंस यादव शामिल हो सकते हैं।

ये भी पढ़ें- हरियाणा में 30 से ज्यादा सोशल मीडिया अकाउंट्स बैन, पानी आंदोलन पर छिड़ा बवाल, सरकार इन एक्शन मोड

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button