Uttar Pradeshराज्य

प्रेम विवाह के बाद युवक की गोली मारकर हत्या, पत्नी के भाई समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज

UP News : उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के जेठवारा थाना क्षेत्र में प्रेम विवाह के बाद एक युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है. सोमवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने युवक पर कई राउंड फायरिंग कर दी. गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है.

यह घटना जेठवारा थाना क्षेत्र के चंदन का पुरवा गांव की है. मृतक की पहचान राजू सिंह के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 10 बजे राजू गांव में मौजूद था. इसी दौरान हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं. फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके.

प्रेम विवाह को लेकर रंजिश

पुलिस जांच में सामने आया है कि राजू सिंह ने कुछ समय पहले प्रेम विवाह किया था. शुरुआती जांच में इस विवाह को लेकर चली आ रही रंजिश को हत्या का संभावित कारण माना जा रहा है. हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा.

आरोपियों की गिरफ्तारी को दबिश

इस मामले में पुलिस ने चंद्रेश उर्फ पिंटू वर्मा, तेज वर्मा और शगुन वर्मा के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस के अनुसार, चंद्रेश मृतक की पत्नी का भाई है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.

प्रेम विवाह के बाद बढ़ा तनाव

स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रेम विवाह के बाद से राजू सिंह और चंद्रेश वर्मा के परिवारों के बीच विवाद और तनाव बना हुआ था. पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा. फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच तेज कर दी गई है. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जबकि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है.

ये भी पढ़ें- भारत बनाम आयरलैंड T20, जानिए कब और कहां खेला जाएगा पहला मुकाबला

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button