Maharashtra News : महाराष्ट्र की सियासत में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है. उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना-यूबीटी को बड़ा झटका लगा है. पार्टी के विधान परिषद सदस्य (MLC) सचिन अहीर ने उद्धव गुट का साथ छोड़कर एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना का हाथ थाम लिया है.
सचिन अहीर के शिवसेना में शामिल होने के बाद शिंदे गुट ने उन्हें विधान परिषद के उपसभापति पद का उम्मीदवार घोषित कर दिया है. इसके बाद उनका नामांकन भी दाखिल कर दिया गया है. इस पूरे घटनाक्रम को एकनाथ शिंदे के ‘ऑपरेशन टाइगर’ के अगले कदम के तौर पर देखा जा रहा है.
उद्धव गुट को लगा बड़ा झटका
आपको बता दें कि इससे पहले उद्धव ठाकरे गुट के 9 लोकसभा सांसदों में से 6 सांसदों ने पार्टी से अलग होकर एकनाथ शिंदे गुट का समर्थन किया था. इस घटनाक्रम को ‘ऑपरेशन टाइगर’ नाम दिया गया था. राजनीति में जब किसी दल के नेताओं को एक साथ अपने पक्ष में लाया जाता है, तो ऐसे अभियानों को अक्सर एक नाम दिया जाता है.
बागी सांसदों पर कार्रवाई की मांग
कानूनी प्रावधानों के अनुसार, अगर किसी पार्टी के दो-तिहाई नेता एक साथ अलग होते हैं तो उनकी सदस्यता पर असर नहीं पड़ता. उद्धव गुट के 9 में से 6 सांसदों के अलग होने के कारण वे दो-तिहाई संख्या पूरी करते हैं, जिसके चलते उनकी संसद सदस्यता सुरक्षित मानी जा रही है.
हालांकि, उद्धव ठाकरे ने इस घटनाक्रम पर आपत्ति जताई है, उन्होंने रविवार को परभणी में एक रैली के दौरान बागी सांसदों को अयोग्य ठहराने की मांग की. उद्धव ने इसे राजनीतिक साजिश बताते हुए ‘ऑपरेशन देवेंद्र’ नाम दिया और भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व पर भी सवाल उठाए.
अपना पक्ष रखने के लिए समय मांगा
उद्धव ठाकरे ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से दल-बदल विरोधी कानून के तहत कार्रवाई की मांग की, उन्होंने कहा कि अगर देश में कानून का पालन होता है तो इन सांसदों को अयोग्य घोषित किया जाना चाहिए, उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष के अधिकारों का सम्मान करने की बात भी कही.
ठाकरे के अनुसार, उनके समर्थक सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष को पत्र सौंपकर अपना पक्ष रखने के लिए समय मांगा है. मामले की सुनवाई जल्द होने के कारण शिवसेना-यूबीटी सांसद अरविंद सावंत को अपना कारगिल का आधिकारिक दौरा बीच में छोड़कर वापस लौटना पड़ा.
ये भी पढ़ें- भारत बनाम आयरलैंड T20, जानिए कब और कहां खेला जाएगा पहला मुकाबला
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









