George Kurian Resignation : केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री की सलाह पर उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है. यह फैसला संविधान के अनुच्छेद 75 के खंड (2) के तहत तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है.
जॉर्ज कुरियन का राज्यसभा कार्यकाल 21 जून को समाप्त हो गया था. इससे पहले भाजपा की ओर से संकेत दिए गए थे कि उन्हें दोबारा राज्यसभा नहीं भेजा जाएगा. पार्टी ने उनकी जगह मध्य प्रदेश से भाजपा महासचिव तरुण चुग को राज्यसभा उम्मीदवार बनाया था.
जॉर्ज कुरियन अगस्त 2024 से राज्य मंत्री थे
भाजपा ने राज्यसभा चुनाव के लिए जॉर्ज कुरियन और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को दोबारा उम्मीदवार नहीं बनाया था. इसके बाद कुरियन का मंत्री पद छोड़ना तय माना जा रहा था.
आपको बता दें कि जॉर्ज कुरियन अगस्त 2024 से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली तीसरी केंद्रीय सरकार में राज्य मंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे थे. वह अल्पसंख्यक मामलों के अलावा मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय में भी केंद्रीय राज्य मंत्री की भूमिका में थे.
1980 से भाजपा से जुड़े हैं जॉर्ज कुरियन
65 वर्षीय जॉर्ज कुरियन भाजपा के पुराने नेताओं में शामिल हैं. वह पार्टी की स्थापना के समय यानी 1980 से ही भाजपा से जुड़े हुए हैं. केरल से आने वाले कुरियन पहले राज्य में भाजपा संगठन में उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं.
पेशे से वकील जॉर्ज कुरियन टीवी बहसों में भी सक्रिय रहे हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के केरल दौरों के दौरान उन्हें कई बार मलयालम अनुवाद करते हुए देखा गया है. 2024 में उन्हें केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह दी गई थी.
ये भी पढ़ें – बुजुर्गों के कल्याण के लिए पंजाब सरकार की बड़ी पहल, 1.11 लाख से ज्यादा लोगों को मिला लाभ
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









