Russia Ukraine War : रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध ने एक बार फिर गंभीर रूप ले लिया है. सोमवार को रूस ने यूक्रेन के कई औद्योगिक शहरों पर मिसाइल और हवाई हमले किए, जिनमें कई लोगों की मौत हो गई, जबकि बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं. वहीं यूक्रेन की ओर से किए गए जवाबी हमलों में रूस के ऊर्जा ढांचे को नुकसान पहुंचने की खबर है, जिससे दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ गया है.
रूस ने यूक्रेन के निप्रो, जपोरीजिया और खार्कीव समेत कई प्रमुख औद्योगिक शहरों को निशाना बनाया. हमले उस समय हुए, जब इन इलाकों में आम लोगों की आवाजाही थी. शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, अब तक 12 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य घायल हैं. स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका बनी हुई है.
हमलों से जन-धन की बड़ी हानि
निप्रो में हुए मिसाइल हमले की चपेट में एक मिनी बस भी आ गई. इस घटना में छह लोगों की जान चली गई और 29 लोग घायल हुए. जपोरीजिया में तीन लोगों की मौत हुई, जबकि आठ लोग घायल बताए गए हैं. वहीं खार्कीव में एक युवती की मौत हुई और 10 अन्य लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है.
यूक्रेन ने आरोप लगाया है कि रूस ने हमलों के दौरान नागरिक इलाकों को भी निशाना बनाया. यूक्रेनी प्रशासन का कहना है कि इन हमलों से सैन्य ठिकानों के साथ-साथ रिहायशी और औद्योगिक क्षेत्रों को भी नुकसान पहुंचा है, जिससे जन-धन की हानि हुई है.
हालात सामान्य बनाने के प्रयास जारी
दूसरी ओर, यूक्रेन के जवाबी हमलों में रूस की कई तेल रिफाइनरियां, तेल एवं गैस भंडारण केंद्र और पाइपलाइन प्रभावित हुई हैं. इसके कारण मास्को, दक्षिणी रूस और क्रीमिया के कुछ हिस्सों में पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति प्रभावित हुई है. कई स्थानों पर ईंधन की बिक्री भी सीमित कर दी गई है.
वहीं, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने एक उच्चस्तरीय बैठक में मौजूदा हालात को चुनौतीपूर्ण बताया, उन्होंने कहा कि स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और सरकार जल्द से जल्द हालात सामान्य करने का प्रयास कर रही है.
ये भी पढ़ें- भारत बनाम आयरलैंड T20, जानिए कब और कहां खेला जाएगा पहला मुकाबला
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









