Uttar Pradeshराज्य

राम मंदिर चढ़ावा चोरी विवाद: ओवैसी ने उठाए सवाल, ट्रस्ट और कार्रवाई पर साधा निशाना

Asaduddin Owaisi : उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के नजीबाबाद में एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए राजनीतिक दलों पर निशाना साधा, उन्होंने कहा कि लंबे समय से मुसलमानों को राजनीतिक नेतृत्व से दूर रखा गया है. ओवैसी ने यह भी कहा कि भाजपा को सत्ता से रोकने के लिए उनकी पार्टी किसी भी दल के साथ गठबंधन करने को तैयार है.

सोमवार रात आजाद चौक के पास आयोजित सभा में ओवैसी ने आरोप लगाया कि राजनीतिक दलों ने मुसलमानों को सिर्फ वोट बैंक की राजनीति तक सीमित रखा, उन्होंने कहा कि भाजपा मुसलमानों को टिकट नहीं देती, जबकि सपा ने उन्हें गुलाम बनाकर रखा है.

नजीबाबाद के विधायक पर भी निशाना

ओवैसी ने कहा कि अगर मुसलमान सिर्फ वोटर बनकर रहेंगे तो उनके बच्चों के भविष्य और समाज के विकास पर असर पड़ेगा, उन्होंने भाजपा पर सांप्रदायिक राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि पुराने समय में मस्जिदें थीं, थाने नहीं थे.

संभल की मस्जिद का जिक्र करते हुए ओवैसी ने आरोप लगाया कि वहां की मस्जिद को नुकसान पहुंचाया गया है और अब अन्य मस्जिदों को भी नोटिस दिए जा रहे हैं, उन्होंने कहा कि वह बिजनौर और नजीबाबाद में लोगों को नेतृत्व देने के लिए आए हैं. इस दौरान उन्होंने नजीबाबाद के विधायक पर भी निशाना साधा.

मुसलमानों के हितों को लेकर उठाए सवाल

जनसभा में एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष डॉ. मेहताब चौहान ने भी अपनी बात रखी. नेताओं ने सपा पर मुसलमानों के वोट की राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि अब बदलाव का समय आ गया है.

पार्टी नेताओं ने कहा कि सपा नेतृत्व ने मुसलमानों के हितों को नजरअंदाज किया है. पंडित मनमोहन ने भी सभा में अपनी बात रखते हुए कहा कि वर्ष 2027 का चुनाव बड़ा बदलाव लेकर आएगा.

राम मंदिर चंदा चोरी मामले पर भी बोले ओवैसी

नजीबाबाद में मीडिया से बातचीत के दौरान असदुद्दीन ओवैसी ने अयोध्या के राम मंदिर में चंदे की कथित चोरी के मामले पर भी प्रतिक्रिया दी, उन्होंने कहा कि वह पहले भी कह चुके हैं कि भाजपा को सत्ता से बाहर करने के लिए उनकी पार्टी गठबंधन करने को तैयार है. चंदा चोरी मामले पर सवाल पूछे जाने पर ओवैसी ने कहा कि ट्रस्ट से गलती हुई है.

उन्होंने इस मामले को लेकर सरकार और कार्रवाई के तरीके पर भी सवाल उठाए. ओवैसी ने कहा कि अगर इस मामले में किसी मुसलमान का नाम होता तो उसके खिलाफ अलग तरह की कार्रवाई होती, उन्होंने आरोप लगाया कि कार्रवाई में भेदभाव किया जा रहा है और सवाल किया कि जिन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, उनके साथ क्या प्रक्रिया अपनाई जा रही है.

ये भी पढ़ें- भारत बनाम आयरलैंड T20, जानिए कब और कहां खेला जाएगा पहला मुकाबला

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button