White House Shooting : शनिवार (23 मई) की शाम अमेरिकी राजधानी वॉशिंगटन डीसी में उस समय अचानक तनाव का माहौल बन गया जब व्हाइट हाउस के पास सुरक्षा घेरे के नजदीक एक हथियारबंद व्यक्ति ने फायरिंग शुरू कर दी. घटना के समय अमेरिकी समयानुसार लगभग शाम 6 बजे का समय था.
जानकारी के मुताबिक संदिग्ध व्यक्ति पहले एक सुरक्षा चेकपॉइंट के पास पहुंचा और फिर अचानक अपने बैग से हथियार निकालकर वहां मौजूद सुरक्षा अधिकारियों पर गोलियां चलाने लगा. फॉक्स न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार इस दौरान कई राउंड फायरिंग हुई, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई.
जवाबी कार्रवाई में हमलावर ढेर
स्थिति बिगड़ते ही मौके पर तैनात अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के जवानों ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की और हमलावर को निशाना बनाया. गोली लगने के बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
इस घटना में एक आम नागरिक भी घायल हुआ है, हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उसे गोली कैसे लगी क्या वह हमलावर की गोली का शिकार हुआ या जवाबी कार्रवाई के दौरान लगी गोली से घायल हुआ. अधिकारियों ने बताया कि घटना के समय राष्ट्रपति व्हाइट हाउस के अंदर मौजूद थे और पूरी तरह सुरक्षित हैं.
सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके को घेरा
सीक्रेट सर्विस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके को तुरंत घेर लिया और जांच शुरू कर दी. साथ ही मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने लोगों से उस क्षेत्र से दूर रहने की अपील की है ताकि जांच और सुरक्षा कार्रवाई बिना बाधा के पूरी की जा सके.
यह भी सामने आया है कि जिस जगह यह गोलीबारी हुई, वह क्षेत्र पहले भी सुरक्षा घटनाओं को लेकर चर्चा में रह चुका है, जिससे स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं.
ये भी पढ़ें – दिल्ली जिमखाना क्लब को 5 जून तक खाली करने का आदेश, केंद्र ने लिया बड़ा फैसला
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









