US Iran Conflict : अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच हुए सीजफायर के बाद एक बार फिर दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया है. रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी नेवी और एयरफोर्स के फाइटर जेट्स ने शनिवार देर रात होर्मुज स्ट्रेट और उसके आसपास ईरान के 10 सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया.
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई ईरान की ओर से ऑयल टैंकर M/T किकू पर किए गए ड्रोन हमले के जवाब में की गई. U.S. Central Command ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जानकारी दी कि अमेरिकी फाइटर जेट्स ने होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास कई जगहों पर ईरानी सैन्य ठिकानों पर हमले किए.
अमेरिकी हमले के बाद ईरान का जवाब
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर दावा किया कि अमेरिकी विमानों ने ईरान के मिसाइल और ड्रोन स्टोरेज ठिकानों के साथ तटीय रडार साइटों को निशाना बनाया है, उन्होंने आरोप लगाया कि ईरान ने एक बार फिर सीजफायर समझौते का उल्लंघन किया है.
वहीं, अमेरिकी हमले के बाद ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई की. ईरान ने कुवैत और बहरीन में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया. इसमें कुवैत का अली अल सलेम एयरबेस और बहरीन में अमेरिका के पांचवें बेड़े से जुड़ा ठिकाना शामिल बताया गया है.
सीजफायर उल्लंघन से बढ़ा तनाव
ईरान ने अमेरिका को चेतावनी दी है कि युद्धविराम का उल्लंघन शांति समझौते को खतरे में डाल सकता है. वहीं, ईरानी हमलों के बाद कुवैत हाई अलर्ट पर है. कुवैत की सेना ने एयर डिफेंस सिस्टम को सक्रिय कर दिया है.
सेना की ओर से कहा गया है कि देश को मिसाइल और ड्रोन हमलों का सामना करना पड़ रहा है, जिसके चलते सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है.
ये भी पढ़ें- महाराष्ट्र TET पेपर लीक, रद्द हुई कल होने वाली परीक्षा, मामले की जांच में जुटी पुलिस
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









