Ali Khamenei Funeral : पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती 3 से 6 जुलाई के बीच ईरान की राजधानी तेहरान में आयोजित होने वाले पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के राजकीय अंतिम संस्कार में हिस्सा लेंगी। ईरान सरकार ने उन्हें भारत से विशेष अतिथि के रूप में आधिकारिक आमंत्रण भेजा है। महबूबा मुफ्ती ने इस निमंत्रण को सम्मानजनक बताते हुए कहा कि यह उनके जीवन का एक दुर्लभ अवसर है और वह खामेनेई को श्रद्धांजलि देने के लिए तेहरान जाएंगी।
इस अंतिम संस्कार में भारत की ओर से विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ जैन संत आचार्य लोकेश मुनि को भी आमंत्रित किया गया है। वहीं केंद्र सरकार की ओर से विदेश राज्य मंत्री पबित्र मार्गेरिटा और बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन के शामिल होने की संभावना है।
तेहरान में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
ईरान का अनुमान है कि इस राजकीय अंतिम यात्रा में लगभग 1.5 से 2 करोड़ लोग शामिल हो सकते हैं, जिसे देश के इतिहास का सबसे बड़ा अंतिम संस्कार बताया जा रहा है। कार्यक्रम को देखते हुए तेहरान में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और 30 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों के पहुंचने की उम्मीद है।
अमेरिका-ईरान बातचीत में प्रगति
इस बीच अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्रीय हालात को लेकर भी बयान सामने आए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर बातचीत में प्रगति का संकेत दिया है, जबकि इजराइल के रक्षा मंत्री ने कहा कि लेबनान, सीरिया और गाजा में सैन्य तैनाती तब तक जारी रहेगी जब तक हिजबुल्लाह हथियार नहीं छोड़ता।
होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों की आवाजाही
रिपोर्ट्स के अनुसार, होर्मुज स्ट्रेट से हाल ही में दर्जनों जहाजों की आवाजाही देखी गई है, जिससे समुद्री व्यापार सामान्य स्थिति की ओर लौटता दिख रहा है। हालांकि, फ्रीज फंड जारी करने, तेल निर्यात में राहत और अन्य क्षेत्रीय समझौतों पर अब तक कोई ठोस सहमति नहीं बन पाई है।
ये भी पढ़ें- “युद्ध नशियां विरुद्ध” के 16 महीने, 70 हज़ार से अधिक नशा तस्कर 3125 किलो हेरोइन के साथ गिरफ्तार
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









