Passport Fee Hike : देशभर में पासपोर्ट बनवाने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा बदलाव किया है. विदेश मंत्रालय ने पासपोर्ट संशोधन नियम, 2026 जारी करते हुए पासपोर्ट से जुड़ी विभिन्न सेवाओं की शुल्क दरों में संशोधन किया है. नई फीस 1 जुलाई 2026 से प्रभावी होगी. सरकार के अनुसार, संशोधित शुल्क उन सभी आवेदनों पर लागू होंगे जो 1 जुलाई या उसके बाद जमा किए जाएंगे, चाहे आवेदक ने पासपोर्ट सेवा केंद्र में अपॉइंटमेंट पहले ही क्यों न बुक कर लिया हो.
नई व्यवस्था के तहत 36 पृष्ठों वाले सामान्य पासपोर्ट के नए आवेदन या पुनः जारी कराने के लिए अब 2,500 रुपये शुल्क देना होगा, जबकि पहले इसके लिए 1,500 रुपये लिए जाते थे. इसी श्रेणी में तत्काल सेवा का शुल्क 3,500 रुपये से बढ़ाकर 5,000 रुपये कर दिया गया है.
60 पृष्ठों वाले पासपोर्ट की फीस में बढ़ोतरी
वहीं 60 पृष्ठों वाले पासपोर्ट के लिए सामान्य श्रेणी की फीस अब 3,500 रुपये होगी, जो पहले 2,000 रुपये थी. तत्काल सेवा के तहत इस श्रेणी के पासपोर्ट के लिए अब 6,000 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है, जबकि पहले इसके लिए 4,000 रुपये का भुगतान करना पड़ता था.
सरकार ने खोए, चोरी हुए या क्षतिग्रस्त पासपोर्ट को दोबारा जारी कराने की फीस भी बढ़ा दी है. 36 पृष्ठों वाले पासपोर्ट के प्रतिस्थापन के लिए सामान्य श्रेणी में 5,000 रुपये और तत्काल सेवा में 7,500 रुपये शुल्क देना होगा. वहीं 60 पृष्ठों वाले पासपोर्ट के लिए सामान्य श्रेणी में 6,000 रुपये और तत्काल सेवा के तहत 8,500 रुपये निर्धारित किए गए हैं.
18 वर्ष से कम आयु की नई फीस
18 वर्ष से कम आयु के आवेदकों के लिए भी नई शुल्क दरें लागू होंगी. इस श्रेणी में 36 पृष्ठों वाले नए या पुनः जारी पासपोर्ट के लिए सामान्य शुल्क 1,750 रुपये और तत्काल सेवा के लिए 4,250 रुपये तय किया गया है. यदि किसी नाबालिग का पासपोर्ट खो जाता है, चोरी हो जाता है या क्षतिग्रस्त हो जाता है, तो सामान्य श्रेणी में 4,250 रुपये और तत्काल सेवा में 6,750 रुपये का भुगतान करना होगा.
इसके अलावा पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट (PCC), सरेंडर सर्टिफिकेट, ग्लोबल एंट्री प्रोग्राम वेरिफिकेशन और अन्य पासपोर्ट संबंधी प्रमाण-पत्रों के लिए भारत में 750 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है. वहीं विदेशों में इन सेवाओं के लिए 40 अमेरिकी डॉलर का शुल्क लागू होगा.
ये भी पढ़ें- WhatsApp ग्लोबल हेड Kunal Shah की कहानी, डिलीवरी बॉय, मेहंदी कोन बेची, 14-15 साल की उम्र… पढ़ें सफलता की पूरी कहानी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









