विदेश

व्हाइट हाउस के बाहर फायरिंग से मचा हड़कंप, आरोपी नसीरे बेस्ट की तस्वीर आई सामने

Washington DC Firing : व्हाइट हाउस के बाहर सीक्रेट सर्विस चेकपॉइंट पर हुई गोलीबारी में मारे गए आरोपी की पहचान नसीरे बेस्ट के रूप में हुई है. न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, हमले के पीछे की वजह फिलहाल साफ नहीं हो पाई है, लेकिन शुरुआती जांच में आरोपी के मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की बात सामने आई है.

रिपोर्ट के अनुसार, नसीरे बेस्ट अक्सर सीक्रेट सर्विस चेकपॉइंट के आसपास घूमता रहता था, जिसके चलते वहां तैनात अधिकारियों की उससे पहचान हो गई थी. जांच एजेंसियों का मानना है कि वह खुद को यीशु मसीह का आधुनिक अवतार मानता था.

अधिकारियों पर फायरिंग के बाद मचा हड़कंप

अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के मुताबिक, शाम करीब 6 बजे बेस्ट सुरक्षा चेकपॉइंट के पास पहुंचा और बैग से हथियार निकालकर अधिकारियों पर फायरिंग शुरू कर दी. फॉक्स न्यूज की रिपोर्ट में बताया गया है कि इस दौरान करीब 30 राउंड गोलियां चलीं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

बताया जा रहा है कि नसीरे बेस्ट पहले भी अपने टिकटॉक वीडियो में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को धमकी दे चुका था. 9 दिसंबर 2025 को पोस्ट किए गए एक वीडियो में उसने कहा था कि अगर वह बटलर हमले का हमलावर होता, तो ट्रंप की मौत हो चुकी होती.

हथियार निकालते ही राहगीर को लगी गोली

इससे पहले अदालत ने बेस्ट को व्हाइट हाउस परिसर से दूर रहने का आदेश दिया था, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक उसने इस आदेश का उल्लंघन किया. भारतीय समयानुसार 24 मई को सीक्रेट सर्विस अधिकारियों ने उसे 17वीं स्ट्रीट नॉर्थवेस्ट इलाके में संदिग्ध गतिविधियां करते हुए देखा. इसी दौरान उसने हथियार निकालकर फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें एक राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गया.

डॉक्टरों ने हमलावर को मृत घोषित किया

घटना के तुरंत बाद सीक्रेट सर्विस अधिकारियों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए हमलावर को रोक लिया. घायल हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

वहीं, एफबीआई डायरेक्टर ने कहा कि एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं और जैसे-जैसे नई जानकारी सामने आएगी, उसे सार्वजनिक किया जाएगा. काश पटेल ने एक्स पर पोस्ट करते हुए बताया कि एफबीआई की टीम मौके पर मौजूद है और व्हाइट हाउस के पास हुई इस घटना की जांच में सीक्रेट सर्विस का सहयोग कर रही है.

ये भी पढ़ें – दिल्ली जिमखाना क्लब को 5 जून तक खाली करने का आदेश, केंद्र ने लिया बड़ा फैसला

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button