
Bihar News : बिहार की राजनीति में करीब दो दशक बाद बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। लंबे समय तक राज्य की राजनीति के केंद्र में रहे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब राष्ट्रीय राजनीति की ओर रुख करते दिखाई दे रहे हैं। राज्यसभा के लिए उनके नामांकन की खबर के साथ ही बिहार में नई सत्ता संरचना को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
राज्यसभा के लिए नामांकन, दिल्ली की राजनीति की तैयारी
दरअसल, आज गुरुवार 5 मार्च को राज्यसभा की 37 सीटों के लिए नामांकन का आखिरी दिन है। इसी दिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल करने वाले हैं। सुबह करीब 11:30 बजे वे बिहार विधानसभा पहुंचकर उम्मीदवार के रूप में अपना पर्चा भरेंगे। इस दौरान जेडीयू के वरिष्ठ नेता रामनाथ ठाकुर भी उम्मीदवार के तौर पर नामांकन करेंगे। सूत्रों के अनुसार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी इस मौके पर मौजूद रह सकते हैं।
बिहार की सत्ता में बदलाव की संभावनाएं
नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की संभावना के साथ ही बिहार में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलें तेज हो गई हैं। अगर वे मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देते हैं, तो करीब 21 साल बाद राज्य की कमान किसी नए चेहरे को मिल सकती है। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि इस बार बिहार में पहली बार भारतीय जनता पार्टी का मुख्यमंत्री बन सकता है।
एनडीए में नई रणनीति पर मंथन
सूत्रों के मुताबिक नामांकन के बाद एनडीए के शीर्ष नेताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक हो सकती है, जिसमें नई सरकार के गठन और नेतृत्व के फार्मूले पर चर्चा की जाएगी। अब तक बिहार में गठबंधन की राजनीति में जेडीयू प्रमुख भूमिका में रही है, लेकिन मौजूदा समीकरणों के चलते बीजेपी के नेतृत्व की संभावना को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
सीएम पद की रेस में कई नाम
अगर नेतृत्व परिवर्तन होता है तो मुख्यमंत्री पद के लिए कई नाम सामने आ रहे हैं। केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय का नाम प्रमुख दावेदारों में बताया जा रहा है। इसके अलावा बिहार के मौजूदा उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी इस दौड़ में माने जा रहे हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बीजेपी नेतृत्व अचानक किसी नए चेहरे को भी आगे कर सकता है, जैसा कि अन्य राज्यों में पहले देखा गया है।
ये भी पढ़ें – मध्य पूर्व में छठे दिन भी जंग जारी, ईरान ने इजरायल पर किया ताबड़तोड़ हमला, क्षेत्रीय संकट गहराया
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









