विदेश

अमेरिका ने ओमान की खाड़ी में ईरानी जहाज ‘तौसका’ को रोका, कार्रवाई का वीडियो आया सामने

United States : मध्य पूर्व में तनाव एक बार फिर बढ़ गया है. ओमान की खाड़ी में अमेरिकी सेना ने एक ईरानी जहाज को रोकने के लिए सैन्य कार्रवाई की. यूएस सेंट्रल कमांड ने इस पूरी घटना का वीडियो फुटेज जारी किया है. जानकारी के मुताबिक लगभग 900 फीट लंबे ईरानी जहाज ‘तौसका’ ने नौसैनिक ब्लॉकेड तोड़ने की कोशिश की, जिसके बाद अमेरिकी डिस्ट्रॉयर ने उसे रोकते हुए निष्क्रिय कर दिया. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि जहाज अब अमेरिका के नियंत्रण में है.

सेंट्रल कमांड द्वारा जारी वीडियो में दिख रहा है कि यूएसएस स्प्रुएंस ने ईरानी जहाज तौसका को ट्रैक किया. ट्रैक के बाद चालक दल को इंजन रूम खाली करने की चेतावनी दी गई. लेकिन जब जहाज नहीं रुका तो उस पर कार्रवाई की गई. कुछ ही समय में जहाज का प्रोपल्शन सिस्टम निष्क्रिय हो गया और वह समुद्र में बहने लगा. फुटेज में गोलीबारी के बाद जहाज को नियंत्रण में लेने की प्रक्रिया भी दिखाई गई है.

फिर फायरिंग के बाद जहाज रुका

वीडियो में यह भी स्पष्ट है कि क्रू को इंजन रूम से बाहर निकलने का आदेश दिया गया था. चेतावनी के बावजूद जहाज ने रुकने से इनकार किया. इसके बाद अमेरिकी डिस्ट्रॉयर ने अपनी 5 इंच की गन से कई राउंड फायर किए, जिनका निशाना इंजन रूम था. इससे जहाज की गति पूरी तरह बंद हो गई. अमेरिकी अधिकारियों ने इस कार्रवाई को ब्लॉकेड के उल्लंघन के जवाब में जरूरी कदम बताया.

जहाज अमेरिकी कस्टडी में

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर इस घटना को लेकर बयान दिया, उन्होंने लिखा कि जहाज ब्लॉकेड तोड़ने की कोशिश कर रहा था और बार-बार चेतावनी देने के बावजूद नहीं रुका. इसके बाद इंजन रूम पर कार्रवाई कर उसे रोक दिया गया. ट्रंप ने कहा कि अब अमेरिकी मरीन जहाज की कस्टडी में हैं और उस पर मौजूद सामग्री की जांच की जा रही है.

ईरान की कड़ी प्रतिक्रिया

वहीं ईरान ने इस कार्रवाई की कड़ी निंदा की है. तेहरान के हजरत खत्म अल-अंबिया मुख्यालय ने इसे अमेरिकी सेना द्वारा की गई सशस्त्र समुद्री डकैती बताया है. ईरानी सशस्त्र बलों ने चेतावनी दी है कि इसका जवाब दिया जाएगा. ईरान का कहना है कि यह घटना क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए खतरा है और वह अपनी संप्रभुता की रक्षा के लिए कदम उठाने को तैयार है.

ये भी पढ़ें- Toilet में मोबाइल चलाने की आदत बन सकती है खतरनाक, बढ़ रहा बड़ा खतरा

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button