Aamir Hamza Shot : पाकिस्तान के लाहौर में आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के संस्थापक सदस्यों में शामिल आमिर हमजा पर अज्ञात हमलावरों ने गोलीबारी की है। इस हमले के बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
दफ्तर के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह हमला लाहौर में एक न्यूज चैनल के दफ्तर के बाहर हुआ, जब हमलावरों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। हमले के पीछे कौन था और इसका मकसद क्या था, इसकी पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है।
आतंकी की बढ़ाई गई थी सुरक्षा
गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब आमिर हमजा पर हमला हुआ हो। इससे पहले पिछले साल मई में भी उन पर उनके घर के बाहर फायरिंग की घटना सामने आई थी, जिसमें उन्हें चोटें आई थीं। उस घटना के बाद उनकी सुरक्षा बढ़ाई गई थी, हालांकि आधिकारिक स्तर पर ज्यादा जानकारी साझा नहीं की गई थी।
फंडिंग में सक्रिय भूमिका निभाई
आमिर हमजा 1987 में लश्कर-ए-तैयबा की स्थापना से जुड़े शुरुआती 17 सदस्यों में शामिल रहे हैं। वे संगठन के प्रचार, फंडिंग और प्रकाशन गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। इसके अलावा वह लश्कर की केंद्रीय सलाहकार समिति और अन्य सहयोगी नेटवर्क से भी जुड़े रहे हैं।
2012 में वैश्विक आतंकी घोषित
रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमजा ने हाफिज सईद और अन्य शीर्ष आतंकियों के साथ मिलकर संगठन के विस्तार में अहम भूमिका निभाई। उन्हें अमेरिका ने 2012 में वैश्विक आतंकी घोषित किया था।
खुद को अलग कर बनाया नया संगठन
उनका नाम कई आतंकी गतिविधियों और हमलों से भी जोड़ा जाता रहा है, जिनमें जम्मू के सुंजवां स्थित सेना ब्रिगेड मुख्यालय पर हमला भी शामिल बताया जाता है। बताया जाता है कि 2018 के बाद संगठन में आंतरिक मतभेद और फंडिंग संकट के चलते लश्कर-ए-तैयबा में विभाजन की स्थिति बनी थी, जिसके बाद आमिर हमजा ने खुद को अलग कर एक नया संगठन बनाने की भी कोशिश की थी।
ये भी पढ़ें- दिल्ली एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा, स्पाइसजेट और अकासा विमान आपस में टकराए
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









