Muzaffarnagar Case : उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर के नई मंडी क्षेत्र में महिलाओं से अभद्रता और मारपीट के एक मामले ने तूल पकड़ लिया है. रेलवे रोड इलाके में हुई इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आते ही पुलिस हरकत में आ गई और आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया.
जानकारी के अनुसार, देर रात लगभग 10 बजे एक मां और बेटी अपने घर के बाहर टहल रही थीं. इसी दौरान स्कूटी पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और दोनों के साथ बदसलूकी करने लगे. आरोप है कि युवकों ने न केवल आपत्तिजनक व्यवहार किया बल्कि धक्का-मुक्की भी की, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई.
पूर्व मंत्री के बेटे और साथी पर गंभीर आरोप
बता दें कि इस घटना का वीडियो पीड़ित पक्ष ने खुद रिकॉर्ड कर लिया था, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. वीडियो वायरल होने के बाद आरोपियों की पहचान की गई, जिसमें एक पूर्व मंत्री के पुत्र और उसका साथी शामिल बताए जा रहे हैं. बताया गया है कि घटना के समय दोनों युवक नशे की हालत में थे और विवाद बढ़ने पर गाली-गलौज करते हुए पुलिस बुलाने की बात भी कहते दिखे.
आगे की जांच जारी
स्थिति बिगड़ने पर जब परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उनसे भी हाथापाई की और वहां से फरार हो गए. हालांकि, शिकायत और वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर दोनों को हिरासत में ले लिया. एसपी सिटी के अनुसार, मामला दर्ज कर लिया गया है और संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है. दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया जा रहा है, जबकि आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है.
ये भी पढ़ें- अक्षय कुमार की ‘भूत बंगला’ का शानदार कलेक्शन, दूसरे दिन भी जारी रफ्तार
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









