Iran–US War : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, ने ईरान और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर बड़ा बयान दिया है. उनका कहना है कि ईरान इस अहम समुद्री मार्ग को बंद नहीं रखना चाहता, बल्कि इसे खुला रखना उसकी आर्थिक जरूरत है. ट्रंप के मुताबिक, अगर होर्मुज बंद रहता है तो ईरान को रोजाना करीब 500 मिलियन डॉलर का नुकसान उठाना पड़ता है, इसलिए वह इसे खुला रखना चाहता है, उन्होंने यह भी दावा किया कि ईरान केवल दिखावे के लिए इसे बंद करने की बात करता है, क्योंकि अमेरिका ने वहां दबाव बना रखा है.
ट्रंप ने आगे बताया कि कुछ दिन पहले उनके पास आए लोगों ने कहा था कि ईरान तुरंत होर्मुज स्ट्रेट खोलना चाहता है, लेकिन अगर ऐसा किया गया तो अमेरिका और ईरान के बीच कोई समझौता संभव नहीं होगा, जब तक कि अमेरिका बेहद कड़े कदम न उठाए.
परमाणु कार्यक्रम जारी रखने पर अड़ा ईरान
हालांकि ट्रंप खुद को मजबूत स्थिति में दिखा रहे हैं, लेकिन हालात इसके उलट नजर आ रहे हैं. अमेरिका ने बुधवार को खत्म हो रहे सीजफायर को एकतरफा बढ़ाने का फैसला किया है. इसकी बड़ी वजह यह मानी जा रही है कि ईरान अपनी शर्तों पर कायम है और किसी तरह का समझौता करने को तैयार नहीं है.
ईरान ने साफ कर दिया है कि बातचीत तभी शुरू होगी, जब अमेरिकी नौसेना द्वारा उसके बंदरगाहों पर लगाया गया ब्लॉकेड हटाया जाएगा. साथ ही ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम को जारी रखने पर भी अड़ा हुआ है. इससे पहले ट्रंप ने दावा किया था कि ईरान यूरेनियम संवर्धन छोड़ने को तैयार हो गया है, लेकिन ईरान ने इन दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया.
संयुक्त राष्ट्र में ईरान के प्रतिनिधि का बड़ा दावा
स्थिति को देखते हुए संकेत मिल रहे हैं कि ट्रंप सीजफायर बढ़ाने के साथ-साथ ईरानी बंदरगाहों से ब्लॉकेड हटाने पर भी विचार कर सकते हैं, उन्होंने हाल ही में यह भी कहा था कि पाकिस्तान के फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने उन्हें बताया है कि यही ब्लॉकेड शांति वार्ता में बाधा बन रहा है.
अब संयुक्त राष्ट्र में ईरान के प्रतिनिधि ने भी दावा किया है कि अमेरिका इस ब्लॉकेड को हटाने के लिए तैयार हो सकता है. अगर ऐसा होता है तो इसे अमेरिका के लिए एक कमजोर स्थिति के तौर पर देखा जाएगा. मिडिल ईस्ट में सैन्य ठिकानों को हुए नुकसान और ईरानी हमलों के असर के बाद अमेरिका पहले ही दबाव में है, और अब वह किसी तरह इस टकराव से बाहर निकलने का रास्ता तलाश रहा है.
ये भी पढ़ें- विजिलेंस ब्यूरो इन एक्शन मोड, 33,500 रुपये रिश्वत लेते ASI गिरफ्तार
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









