
Punjab News : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण तथा पुनर्वास के लिए तेजी से कार्य कर रही है।
रक्षा सेवाएं कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने अधिकारियों को पंजाब एक्स-सर्विसमैन कॉर्पोरेशन (पेस्को) को और मजबूत बनाने के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए हैं, ताकि पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को बेहतर रोजगार अवसर और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा सके।
योजनाओं को समय पर लागू करने पर जोर
पंजाब सिविल सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कैबिनेट मंत्री ने पेस्को के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने पूर्व सैनिकों के हित में अधिक कुशलता और समर्पण के साथ कार्य करने तथा कल्याणकारी योजनाओं को समय पर लागू करने पर जोर दिया।
बैठक के दौरान रक्षा सेवाएं कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव सुमेर सिंह गुर्जर, पेस्को के प्रबंध निदेशक मेजर जनरल हरमनदीप सिंह तथा जनरल मैनेजर (प्रशासन) एन . एस . घुम्मन ने मंत्री को कॉर्पोरेशन के विभिन्न चल रहे कार्यक्रमों और प्रशासनिक मामलों की जानकारी दी। बैठक के दौरान वित्तीय प्रबंधन, कर्मचारियों के बीमा कवरेज, वेतन वितरण की सुचारू व्यवस्था, सुरक्षा गार्डों के प्रशिक्षण, विभागीय संपत्तियों के रखरखाव, अग्निवीरों के लिए रोजगार अवसर तथा पुरानी प्रशिक्षण संस्थाओं के उन्नयन पर विस्तृत चर्चा की गई।
पूर्व सैनिकों के हितों पर सरकार सख्त
मंत्री ने अधिकारियों को सभी कल्याणकारी योजनाओं में पारदर्शिता, दक्षता और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों ने देश के लिए अमूल्य सेवाएं दी हैं और उनके सम्मान, कल्याण तथा आर्थिक सुरक्षा को सुनिश्चित करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने आगे कहा कि पेस्को को अपग्रेड करने और राज्यभर में पूर्व सैनिकों के लिए रोजगार अवसर बढ़ाने हेतु हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
ये भी पढ़ें – शादी का दबाव बना मौत का कारण, 48 घंटे में दतिया में हुए हत्याकांड का खुलासा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









