
Bakrid 2026 : ईद-उल-अजहा का पर्व बृहस्पतिवार को पूरे देश में श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जाएगा। इस मौके पर लखनऊ के इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया और ऐशबाग ईदगाह सहित विभिन्न ईदगाहों में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। महिलाओं की नमाज के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है ताकि सभी लोग शांतिपूर्वक इबादत कर सकें।
ऐशबाग ईदगाह में नमाज का समय तय
ईदगाह के इमाम मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने जानकारी दी कि ऐशबाग ईदगाह में सुबह 9 बजे तकरीर होगी, जिसके बाद सुबह 10 बजे ईद-उल-अजहा की नमाज अदा की जाएगी। उन्होंने कहा कि नमाज के बाद खुतबा सुनना आवश्यक है, इसलिए सभी लोग शांति और अनुशासन के साथ बैठकर इसे सुनें।
नमाज के दौरान देश में अमन-चैन, भाईचारे और लोगों को भीषण गर्मी से राहत के लिए विशेष दुआ की जाएगी।
शिया समुदाय की नमाज भी सुबह 11 बजे
शिया समुदाय के लोग बड़ा इमामबाड़ा स्थित आसिफी मस्जिद में सुबह 11 बजे बकरीद की नमाज अदा करेंगे। यह नमाज मौलाना रजा हैदर जैदी पढ़ाएंगे। शिया धर्मगुरु मौलाना कल्बे जवाद ने लोगों से समय पर पहुंचकर नमाज में शामिल होने की अपील की है।
सुन्नी धर्मगुरु मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने यह भी बताया कि कुर्बानी का सिलसिला 30 मई तक चलेगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि खुले में कुर्बानी न करें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
प्रदेश में प्रशासन अलर्ट, अवैध पशुवध पर सख्ती
गंगा दशहरा और ईद-उल-अजहा के मद्देनजर उत्तर प्रदेश सरकार ने अवैध पशुवध पर रोक लगाने के लिए कड़े कदम उठाए हैं। राज्य सरकार ने सभी जिलों को शांति व्यवस्था, स्वच्छता और पर्यावरण मानकों के पालन के लिए विशेष निर्देश दिए हैं।
उत्तर प्रदेश पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की विशेष सचिव नीरजा सक्सेना ने साफ किया है कि त्योहारों के दौरान किसी भी स्थिति में अवैध पशुवध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रशासनिक टीमें करेंगी निगरानी
शासन के निर्देशों के अनुसार, सभी जिलों में पुलिस और प्रशासन की विशेष टीमें गठित की जाएंगी। ये टीमें स्लॉटर हाउसों और संवेदनशील इलाकों में नियमित जांच और औचक निरीक्षण करेंगी।
सरकार ने यह भी निर्देश दिया है कि केवल लाइसेंस प्राप्त पशुवधशालाएं ही निर्धारित क्षमता के अनुसार संचालन करें। नियमों से अधिक पशुवध या अनियमित गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें – आज किस राशि का चमकेगा भाग्य और किसे रहना होगा सतर्क? पढ़ें सभी 12 राशियों का हाल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









