Punjab

शादी में खाना खाने के बाद कई लोग बीमार, मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने किया अस्पताल का दौरा

Punjab News : पंजाब के कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने आज सिविल अस्पताल मूनक पहुंचकर हाल ही में एक शादी समारोह में भोजन करने के बाद बीमार हुए लोगों को दिए जा रहे इलाज का जायज़ा लिया। मंत्री ने अस्पताल में भर्ती मरीज़ों से बातचीत कर उनका हाल जाना और अधिकारियों को सभी प्रभावित लोगों के लिए निरंतर चिकित्सा सुविधाएं तथा तुरंत इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

भोजन के बाद बिगड़ी तबीयत

बता दें कि पिछले दिनों मूनक में एक शादी समारोह के दौरान भोजन करने के बाद कई लोगों, जिनमें महिलाएं, पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग शामिल थे, की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। इसके बाद प्रभावित लोगों को सिविल अस्पताल मूनक तथा कुछ को निजी अस्पतालों में भर्ती करवाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

हर प्रकार की सुविधा उपलब्ध करवाने के निर्देश

कैबिनेट मंत्री एडवोकेट बरिंदर कुमार गोयल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सिविल सर्जन संगरूर, एसडीएम तथा अन्य अधिकारियों को तुरंत अस्पताल पहुंचकर मरीज़ों का समुचित इलाज सुनिश्चित करने और हर प्रकार की सुविधा उपलब्ध करवाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जब तक सभी मरीज़ पूरी तरह स्वस्थ नहीं हो जाते तब तक स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक अधिकारी 24 घंटे स्थिति पर नज़र रखेंगे।

कुछ मरीज़ों को किया गया रेफर

इसके तहत स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर इलाज व्यवस्था और सुविधाओं का जायज़ा लिया। मरीज़ों के इलाज में तेज़ी लाई गई तथा विभिन्न शहरों से डॉक्टरों की टीमों को बुलाकर हर प्रकार की चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाई गईं। कुछ मरीज़ों को संगरूर रेफर भी किया गया है।

कैबिनेट मंत्री ने घटनाक्रम का लिया ब्यौरा

कैबिनेट मंत्री एडवोकेट बरिंदर कुमार गोयल ने सिविल अस्पताल मूनक पहुंचकर मरीज़ों का हाल जाना और अस्पताल में किए गए प्रबंधों पर संतोष व्यक्त किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वास्थ्य विभाग, डॉक्टरों और प्रशासनिक अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी भी हासिल की।

भगवान की कृपा से सभी मरीज़ ख़तरे से बाहर

इसके बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने कहा कि शादी समारोह में भोजन करने के बाद बिमार हुए करीब 72 लोगों को सरकारी और कुछ को निजी अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है। उन्होंने कहा कि भगवान की कृपा से सभी मरीज़ ख़तरे से बाहर हैं। उन्होंने बताया कि कौहरियां, संगरूर, भवानीगढ़ और लहरागागा से डॉक्टरों की टीमें मरीज़ों का इलाज कर रही हैं।

मरीज़ों के इलाज में ढिलाई बर्दाश्त नहीं

उन्होंने कहा कि पटियाला से भी विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक टीम मूनक अस्पताल पहुंच रही है। सिविल सर्जन संगरूर स्वयं पूरे मिशन की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि डायरेक्टर हेल्थ से भी बातचीत हो चुकी है ताकि मरीज़ों के इलाज में किसी प्रकार की कोई कमी न रहे। उन्होंने कहा कि मरीज़ों के इलाज में किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तीन एंबुलेंस मौके पर तैयार रखी गई हैं। सभी मरीज़ों ने अस्पताल में मिल रही चिकित्सा सुविधाओं पर संतोष व्यक्त किया।

मिलावट की घटनाओं को रोकने पर जोर

इस दौरान कैबिनेट मंत्री बरिंदर गोयल ने कहा कि दूध और अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी के खिलाफ केंद्र सरकार को पूरे देश में सख़्त कानून बनाने चाहिए ताकि मिलावट के कारण होने वाली ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार इस मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्रवाई करेगी।

ये भी पढ़ें- ऑफिस में हुआ मजेदार प्रैंक! ‘प्रसाद’ पीते ही सहकर्मी रह गए हैरान, वीडियो वायरल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button