Punjab Development : पंजाब की सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक मामलों की मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार सामाजिक समानता, सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों के सशक्तीकरण के लिए बुनियादी ढांचे को लगातार मजबूत कर रही है। इसी कड़ी में तरनतारन जिले में लगभग 5.94 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जा रहा अंबेडकर भवन अब निर्माण के अंतिम चरण में पहुंच गया है।
डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि लगभग एक एकड़ क्षेत्र में बन रहा यह तीन मंजिला अंबेडकर भवन करीब 23,120 वर्ग फुट के कुल क्षेत्र में फैला हुआ है। भवन के भूतल पर व्यावसायिक प्रशिक्षण कक्ष, शिक्षक कक्ष, जिला एवं तहसील सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता अधिकारी के कार्यालय तथा एक विशाल बहुउद्देशीय हॉल का निर्माण किया गया है। पहली मंजिल पर सम्मेलन कक्ष, जिला एवं तहसील सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता अधिकारियों के कार्यालयों के साथ कर्मचारियों के लिए कक्ष, रसोईघर और भंडार कक्ष बनाए गए हैं। वहीं, दूसरी मंजिल पर पुस्तकालय, अभिलेख कक्ष, अतिथि कक्ष तथा जिला एवं तहसील सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता अधिकारी के कार्यालय की व्यवस्था की गई है।
सामुदायिक गतिविधियों के एक महत्वपूर्ण केंद्र
उन्होंने बताया कि भवन का लगभग 95 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और शेष कार्य भी जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता को समर्पित किए जाने के बाद यह भवन प्रशिक्षण, कौशल विकास, संगोष्ठियों, सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों, पुस्तक अध्ययन और सामुदायिक गतिविधियों के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित होगा।
डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि यह भवन केवल एक इमारत नहीं है, बल्कि भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा दिए गए सामाजिक न्याय, समानता, शिक्षा और संवैधानिक मूल्यों के संदेश को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम साबित होगा। इससे सामाजिक एकता, जन-जागरूकता और समावेशी विकास को और मजबूती मिलेगी।
तेजी से आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ऐसे जनकल्याणकारी परियोजनाओं को प्राथमिकता दे रही है, जो समाज के प्रत्येक वर्ग को समान अवसर प्रदान करने के साथ-साथ एक समावेशी, प्रगतिशील और रंगला पंजाब बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। डॉ. बलजीत कौर ने दोहराया कि पंजाब सरकार बाबा साहेब डॉ. बी.आर. अंबेडकर के सपनों को साकार करने, सामाजिक न्याय को और मजबूत बनाने तथा जनकल्याणकारी विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
ये भी पढ़ें- Asian Champions Trophy 2026 : पंजाब में जुटेंगी एशिया की दिग्गज हॉकी टीमें, CM मान ने किया गर्मजोशी से स्वागत
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








