Biharराज्य

बिहार में भ्रष्टाचार पर बड़ी कार्रवाई, 14 अंचलाधिकारियों पर गिरी गाज

Bihar News : बिहार सरकार ने भ्रष्टाचार और कार्य में लापरवाही के मामलों पर सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने राज्य के 14 अंचलाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनके विरुद्ध आरोप पत्र (चार्जशीट) गठित किया है। वहीं, कई अधिकारियों की वेतन वृद्धि पर रोक भी लगाई गई है।

विभागीय स्तर पर की गई इस कार्रवाई के बाद राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने स्पष्ट कहा कि विभाग में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जो अधिकारी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं करेंगे, उनके खिलाफ आगे और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

कई अधिकारियों पर गंभीर आरोप

कार्रवाई की जद में आए अधिकारियों पर अलग-अलग गंभीर आरोप हैं। मुजफ्फरपुर जिले के कांटी की पूर्व अंचल अधिकारी रिषिका पर सरकारी जमीन के गलत तरीके से दाखिल-खारिज का आरोप है, जिसके चलते उन्हें निलंबित किया गया था, जिसे अब सरकार की मंजूरी मिल गई है।

पतरघट के पूर्व अंचल अधिकारी राकेश कुमार को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किए जाने के मामले में आरोप पत्र गठित किया गया है। वहीं पाटलिपुत्र के पूर्व अंचल अधिकारी अनुज कुमार की एक वेतन वृद्धि रोकी गई है।

गुरारू के पूर्व अंचल अधिकारी संजीव कुमार त्रिवेदी पर गलत जमाबंदी के आरोप में दो वेतन वृद्धि रोकी गई हैं। पालीगंज के पूर्व अंचल अधिकारी राकेश कुमार पर अवैध बालू खनन से जुड़े मामले में संलिप्तता के चलते एक वेतन वृद्धि रोकी गई है।

गोपालपुर के पूर्व अंचल अधिकारी राजकिशोर शर्मा पर गंभीर अनियमितताओं के चलते अगले 5 वर्षों तक पेंशन में 10% कटौती का निर्णय लिया गया है। वहीं बैरिया के पूर्व अंचल अधिकारी अनिल कुमार पर जातिगत श्रेणी में गलत प्रविष्टि के आरोप हैं।

अन्य मामलों में भी विभागीय कार्रवाई जारी

बैकुंठपुर के अंचल अधिकारी पंकज कुमार पर बिना साक्ष्य के ऑनलाइन जमाबंदी में भूमि रकबा जोड़ने का आरोप है। साहेबपुर कमाल के पूर्व अंचल अधिकारी सतीश कुमार सिंह पर बाढ़ राहत राशि वितरण में अनियमितता का मामला सामने आया है।

गोपालगंज सदर के अंचल अधिकारी रजत कुमार वर्णवाल पर दाखिल-खारिज मामलों में पारदर्शिता न बरतने का आरोप है। एकमा के पूर्व अंचल अधिकारी अमलेश कुमार पर बिना सूचना ड्यूटी से अनुपस्थित रहने के चलते कार्रवाई की गई है।

चंडी की पूर्व अंचल अधिकारी कुमारी आंचल पर वरिष्ठ आदेशों का पालन न करने का आरोप है, जबकि मधेपुरा के घैलाढ़ के पूर्व अंचल अधिकारी चंदन कुमार पर कार्य में लापरवाही के चलते चार्जशीट दाखिल की गई है। सुपौल की पूर्व अंचल अधिकारी बुच्ची कुमारी के खिलाफ भी गंभीर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।

ये भी पढ़ें – बकरीद को लेकर ईदगाहों में तैयारियां तेज, अवैध पशुवध रोक के लिए प्रशासन अलर्ट

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button