Other Statesमौसम

महाराष्ट्र में बारिश का कहर, नासिक-त्र्यंबकेश्वर में रेड अलर्ट, 300 मिमी बारिश और बादल फटने की चेतावनी

Maharashtra Rain Alert : महाराष्ट्र के नासिक और त्र्यंबकेश्वर क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटों में 300 मिमी तक बारिश की संभावना जताते हुए रेड अलर्ट जारी किया है. साथ ही, नासिक और त्र्यंबकेश्वर के बीच बादल फटने की आशंका भी व्यक्त की गई है.

भारी बारिश के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है. राज्य के आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन ने आधी रात को त्र्यंबकेश्वर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की.

स्कूल-कॉलेज बंद, मंदिरों के कपाट भी बंद

एहतियात के तौर पर मेटघर फोर्ट क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है. लगातार बारिश को देखते हुए नासिक जिले के सभी स्कूल और कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी गई है.

इसके अलावा त्र्यंबकेश्वर मंदिर और सप्तश्रृंगी मंदिर को भी श्रद्धालुओं के लिए आज बंद रखने का फैसला लिया गया है.

100 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित निकाला

रेड अलर्ट के बाद मंत्री गिरीश महाजन ने पहले इगतपुरी और घोटी क्षेत्र का निरीक्षण किया, फिर देर रात त्र्यंबकेश्वर पहुंचे. रात करीब 12 बजे उन्होंने मेटघर गांव का दौरा किया. तेज हवा और लगातार बारिश को देखते हुए 27 परिवारों के 100 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजने के निर्देश दिए गए.

नदी किनारे रहने वालों को सतर्क रहने की सलाह

वहीं, प्रशासन ने त्र्यंबकेश्वर, इगतपुरी, डिंडोरी और पेठ तालुकों में पुलिस, प्रशासन और एसआरपीएफ की टीमें तैनात कर दी हैं. नदी किनारे रहने वाले लोगों से अपील की गई है कि वे सतर्क रहें और बेहद जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलें.

नासिक के अलावा वसई-विरार और पालघर जिलों की स्थिति की भी समीक्षा की गई. इन इलाकों में 350 से 400 मिमी तक बारिश दर्ज की गई है. पालघर में एक बांध की पिचिंग का हिस्सा खिसकने के बाद एहतियात के तौर पर आसपास के करीब 1,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है.

ये भी पढ़ें – दिल्ली में ISI के निर्देश पर काम करने वाले 4 आतंकी गिरफ्तार, बड़े हमले की थी तैयारी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button