वायरल

सैल्यूट नहीं किया तो पुलिसकर्मियों को धमकाने लगा फर्जी IPS, 40 रुपये की चाय ने खोल दी पोल

Fake IPS Officer : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में महानगर थाना पुलिस ने एक फर्जी IPS अधिकारी को गिरफ्तार किया है. पूछताछ करने पर व्यक्ति ने खुद को नोएडा में तैनात IPS अधिकारी बताया था. व्यक्ति ने पुलिसकर्मियों को धमकाते हुए कहा कि उसे सैल्यूट क्यों नहीं किया. पुलिस ने आईडी कार्ड मांगा तो वो कोई पहचान पत्र नहीं दिखा सका. सख्ती से पूछताछ में उसने अपना नाम मिथिलेश शुक्ला निवासी भरतनगर, सीतापुर रोड, लखनऊ बताया. उसने बताया कि वो नोएडा सेक्टर-18 स्थित सैमसंग में नौकरी करता है.

पुलिस के अनुसार, मिथिलेश ने खुद को IPS बताकर पुलिस कर्मियों को धमकाया. धमकी की वजह से सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने का भी आरोप लगाया गया. महानगर थाने में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी चाय विक्रेता से बहस कर रहा है.

चाय के 40 रुपये देने से किया मना

फर्जी आईपीएस पर आरोप है कि उसने चाय की दुकान पर 40 रुपये देने से मना कर दिया और फिर ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों से सैल्यूट करने की मांग की. आरोपी चाय वाले को पैसे दिए बिना जाने की कोशिश करने के बाद कॉन्स्टेबलों से बार-बार उसे सैल्यूट करने के लिए कहता दिख रहा है. दुकान के मालिक ने पुलिस को मामले की सूचना दी थी. जब पुसिस ने उस व्यक्ति को पकड़ा और उससे पूछताछ की, तो उसे अपनी हरकत पर कोई पछतावा नहीं हुआ. इसके बजाय वह कॉन्स्टेबलों पर ही भड़क गया और उनसे पूछने लगा कि वे उसे सैल्यूट क्यों नहीं कर रहे हैं. वह दावा कर रहा था कि वह नोएडा में तैनात एक IPS अधिकारी है.

कॉन्स्टेबल ने पहचान पत्र दिखाने को कहा

वहीं, ड्यूटी पर तैनात पुलिस कॉन्स्टेबल ने उससे कहा, “पुलिस वर्दी में आओ, अपना पहचान पत्र दिखाओ, और फिर मैं तुम्हें सैल्यूट करूंगा. उससे पहले नहीं.” अब कॉन्स्टेबल के जवाब की लोग सोशल मीडिया पर तमकर तारीफ कर रहे हैं. वह व्यक्ति इनमें से कोई भी चीज नहीं दिखा सका. वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए लखनऊ पुलिस ने अपने एक्स हैंडल पर कहा कि पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है.

ये भी पढ़ें – ईडी पार्टी के पदाधिकारी पंजाब में नशा बेचते पकड़े गए, क्या ईडी पार्टी से नशे के तार जुड़े हैं? – केजरीवाल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button