
Haryana News : हरियाणा के कुरुक्षेत्र स्थित लोकनायक जयप्रकाश (एलएनजेपी) जिला नागरिक अस्पताल में उपचार के लिए आई नाबालिग से यौन उत्पीड़न के आरोप में चिकित्सक शैलेंद्र शैली ममगई को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को मेडिकल जांच के लिए पैदल परेड कराते हुए अस्पताल लेकर पहुंची, जहां लोगों में गुस्सा और आक्रोश देखने को मिला।
वीडियो में कबूल किया अपराध, सोशल मीडिया पर चर्चा
बताया जा रहा है कि एक वीडियो में आरोपी चिकित्सक अपना अपराध स्वीकार करते हुए नजर आ रहा है। इसमें वह यह भी कहता दिखा कि उससे बड़ी गलती हो गई है। घटना के बाद अस्पताल परिसर और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी गई।
महिला आयोग ने लिया स्वतः संज्ञान, त्वरित कार्रवाई के निर्देश
मामले में महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लेते हुए स्वास्थ्य निदेशालय को पत्र लिखकर कार्रवाई की जानकारी मांगी है। आयोग ने दो दिनों के भीतर पूरी रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने भी त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी डॉक्टर को तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त कर दिया है।
पुलिस रिमांड पर आरोपी, पुराने मामलों की भी जांच शुरू
पुलिस ने आरोपी चिकित्सक को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। जांच के दौरान पुलिस अब पुराने आरोपों और शिकायतों की भी जांच कर रही है।
पीड़िता के परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
पीड़िता के पिता के अनुसार, 29 मई को वे अपनी बेटी के साथ इलाज के लिए अस्पताल आए थे। दोनों को ओपीडी में दिखाने के बाद अलग-अलग वार्ड में भर्ती किया गया था। 31 मई को जब वह बेटी से मिलने पहुंचे तो वह चुपचाप और परेशान हालत में मिली, जिसके बाद उसने पूरी आपबीती बताई।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या मामले को कुछ समय तक दबाने की कोशिश की गई थी और क्या इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका हो सकती है। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि यदि किसी अन्य कर्मचारी या व्यक्ति की संलिप्तता पाई जाती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें – आज शुभ योगों से चमकेगा भाग्य, कई राशियों को मिल सकते हैं धन लाभ के संकेत
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









