बड़ी ख़बरविदेश

Colombia Bomb Attack : कोलंबिया में बस धमाका, 13 की मौत और 38 घायल, आतंकी हमला करार

Colombia Bomb Attack : दक्षिण अमेरिकी देश कोलंबिया में शनिवार को एक भीषण आतंकी घटना सामने आई है। दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्र में पैनअमेरिकन हाईवे पर चलती एक बस में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया, जिसमें 13 लोगों की मौत हो गई और 38 लोग घायल हो गए। घायलों में पांच बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पूरे इलाके में मची अफरी-तफरी

सेना प्रमुख ने इस घटना को आतंकी हमला करार दिया है। काउका क्षेत्र के गवर्नर ऑक्टावियो गुजमान के अनुसार, यह विस्फोट काजिबियो नगर पालिका के पास उस समय हुआ जब बस हाईवे से गुजर रही थी। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

अपराधी गिरोह को ठहराया जिम्मेदार

स्वास्थ्य विभाग की सचिव कैरोलिना कामार्गो ने पुष्टि की कि घायलों में कई निर्दोष नागरिक शामिल हैं। वहीं, कोलंबिया सशस्त्र बलों के कमांडर जनरल ह्यूगो लोपेज ने इसे सुनियोजित आतंकी कार्रवाई बताया है। उन्होंने इस हमले के लिए इवान मोर्दिस्को नामक कुख्यात अपराधी के गिरोह और जैमी मार्टिनेज गुट को जिम्मेदार ठहराया है।

बताया जा रहा है कि ये दोनों गुट पहले रिवॉल्यूशनरी आर्म्ड फोर्सेज ऑफ कोलंबिया के असंतुष्ट धड़े थे, जिन्होंने 2016 के शांति समझौते को स्वीकार नहीं किया था और अब भी इस क्षेत्र में सक्रिय हैं।

राष्ट्रपति ने की हमले की कड़ी निंदा

कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि निर्दोष नागरिकों और आदिवासी समुदायों को निशाना बनाने वाले लोग आतंकवादी और मादक पदार्थ तस्कर हैं। उन्होंने इसे देश में बढ़ती हिंसा की गंभीर कड़ी बताया।

पिछले कुछ दिनों में दक्षिण-पश्चिमी कोलंबिया में हिंसा की घटनाओं में तेजी देखी गई है, जहां दो दिनों में कम से कम 26 अलग-अलग हमले दर्ज किए गए हैं।

ये भी पढ़ें- दिल्ली में 11 मई से शुरू हो सकती हैं गर्मी की छुट्टियां, 50 दिन बंद रहेंगे स्कूल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button