
Lalit Modi : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी ने अपने साथ जुड़े ‘भगोड़ा’ के टैग को गलत बताते हुए कांग्रेस पर पलटवार किया है। मोदी ने कहा कि मैं भगौड़ा नहीं हूं, घूम रहा हूं। उन्होंने कहा कि भारत जैसी वैश्विक महाशक्ति से बच निकलना असंभव है, और भारत सरकार की पहुंच इतनी लंबी है कि वो मुझे पकड़ सकती है।
मैं भाग नहीं रहा हूं, घूम रहा हूं – ललित मोदी
दरअसल, साल 2010 में आईपीएल के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी भारत छोड़कर चले गए थे। उन पर भारत में वित्तीय अनियमितताओं और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप हैं। जिसके बाद कांग्रेस द्वारा उन्हें ‘भगौड़ा’ टैग दिया गया और पूरे देश में ललित मोदी को ‘भगौड़ा’ कहा जाने लगा। वहीं अब मोदी ने एक न्यूज एजेंसी को दिए इंटरव्यू में कहा कि “मैं बिल्कुल भाग नहीं रहा हूं, मैं पूरी दुनिया में घूम रहा हूं। अगर मैं भाग रहा होता तो आप मुझे कहीं न कहीं पकड़ ही लेते। यह सरकार नहीं बल्कि मीडिया है।”
ललित मोदी ने हाल ही में दावा किया है कि उन्हें जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर आरोप लगाते हुए कहा कि चुनावों के समय उनके नाम का इस्तेमाल कर उन पर हमले किए जाते हैं, ताकि जनता की भावनाओं को प्रभावित किया जा सके। उनका कहना है कि क्रिकेट से जुड़े होने के कारण उनका नाम लोगों के बीच आसानी से चर्चा में आ जाता है, जिसका राजनीतिक फायदा उठाया जाता है।
पी. चिदंबरम पर भी गंभीर आरोप लगाए
आईपीएल 2009 को लेकर हुए घटनाक्रम का जिक्र करते हुए ललित मोदी ने तत्कालीन गृह मंत्री पी. चिदंबरम पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि चिदंबरम ने उन्हें टूर्नामेंट के आयोजन को लेकर धमकाया था और वह नहीं चाहते थे कि आईपीएल आयोजित हो। मोदी के अनुसार, कुछ राज्य सरकारों, खासकर बीजेपी शासित राज्यों ने आयोजन की अनुमति दी थी, जबकि कांग्रेस शासित राज्यों ने सहयोग नहीं किया।
उन्होंने यह भी दावा किया कि आईपीएल का शेड्यूल बदलने की प्रक्रिया बेहद जटिल थी और इसे 150 से अधिक बार संशोधित करना पड़ा। अंततः उन्हें टूर्नामेंट दक्षिण अफ्रीका में आयोजित करना पड़ा, जिसके पीछे राजनीतिक दबाव को वजह बताया गया।
सरकार का रुख, आर्थिक भगोड़ों पर कार्रवाई जारी
वहीं भारत सरकार की ओर से पहले भी यह स्पष्ट किया जा चुका है कि वह आर्थिक भगोड़ों को देश में वापस लाकर कानून के दायरे में लाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसमें ललित मोदी और विजय माल्या जैसे नाम शामिल हैं। इससे पहले भी ललित मोदी उस समय विवादों में आए थे जब उन्होंने लंदन में विजय माल्या की पार्टी का वीडियो साझा कर खुद को और माल्या को “भगोड़ा” बताया था, हालांकि बाद में उन्होंने इस बयान पर सफाई भी दी थी।
ये भी पढ़ें – खान सर कोचिंग पर हमले में बड़ी कार्रवाई, तीन गिरफ्तार, कोचिंग विवाद को लेकर बढ़ा तनाव
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









