Donald Trump : भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते को लेकर बातचीत अंतिम चरण में पहुंच चुकी है. इसी बीच ट्रंप प्रशासन ने भारत की चार कंपनियों को बड़ी राहत देते हुए उन पर लगाए गए प्रतिबंध हटा दिए हैं. यह फैसला दोनों देशों के रिश्तों में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
अमेरिका के वित्त विभाग ने हैदराबाद की आरआरजी इंजीनियरिंग टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड और लोकेश मशीन्स लिमिटेड, अहमदाबाद की गैलेक्सी बेयरिंग्स लिमिटेड तथा दिल्ली की शौर्य एरोनॉटिक्स प्राइवेट लिमिटेड को प्रतिबंध सूची से बाहर कर दिया है. ये कंपनियां करीब दो साल से अमेरिकी प्रतिबंधों के दायरे में थीं.
SDN सूची से हटाए गए चारों नाम
अमेरिकी वित्त विभाग ने इन चारों कंपनियों को स्पेशली डेजिग्नेटेड नेशनल्स (SDN) सूची से बाहर कर दिया है. इस सूची में शामिल कंपनियों और व्यक्तियों की अमेरिकी अधिकार क्षेत्र में मौजूद संपत्तियां फ्रीज कर दी जाती हैं. सूची से बाहर होने के बाद इन कंपनियों पर लागू यह प्रतिबंध समाप्त हो गया है.
करीब दो साल पहले लगाया गया था प्रतिबंध
इन कंपनियों को अमेरिकी विदेश संपत्ति नियंत्रण कार्यालय (OFAC) ने करीब दो साल पहले अपनी प्रतिबंध सूची में शामिल किया था. वर्ष 2024 में कार्यकारी आदेश के तहत OFAC ने 21 भारतीय संस्थाओं पर प्रतिबंध लगाए थे. इनमें 19 कंपनियां और दो व्यक्ति शामिल थे. यह कार्रवाई उन संस्थाओं के खिलाफ की गई थी, जिन पर रूसी सरकार की मदद करने का आरोप लगाया गया था.
रूस-यूक्रेन युद्ध के बाद हुई थी कार्रवाई
अमेरिका की यह कार्रवाई 2022 में यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद लगाए गए व्यापक प्रतिबंधों से जुड़ी थी. इसका उद्देश्य मॉस्को पर लगाए गए प्रतिबंधों के उल्लंघन को रोकना था. प्रतिबंध लगाए जाने के बाद भारत सरकार ने कहा था कि उसने इस मामले पर वाशिंगटन के साथ बातचीत की है. विदेश मंत्रालय ने उस समय भी कहा था कि भारत अंतरराष्ट्रीय समुदाय का एक जिम्मेदार सदस्य है.
दो सूचीबद्ध कंपनियां भी शामिल
प्रतिबंध सूची से हटाई गई चार भारतीय कंपनियों में गैलेक्सी बेयरिंग्स लिमिटेड और लोकेश मशीन्स लिमिटेड सार्वजनिक रूप से सूचीबद्ध कंपनियां हैं. लोकेश मशीन्स के ग्राहकों में अमेरिका की जॉन डीरे और कमिंस, स्वीडन की वोल्वो तथा जापान की होंडा और सुजुकी जैसी वैश्विक कंपनियां शामिल हैं. वहीं, आरआरजी नियरिंग टेक्नोलॉजीज भारत के विमानन क्षेत्र से जुड़ी कंपनी है.
ये भी पढ़ें- SIS का बड़ा दांव! 120 करोड़ का Share Buyback, निवेशकों की चांदी? डिटेल में पढ़ें
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









