Jammu Kashmir News : जम्मू-कश्मीर पुलिस ने श्रीनगर में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए चार ओवर ग्राउंड वर्कर्स (OGWs) को गिरफ्तार किया है. इनमें एक महिला भी शामिल है. इन सभी पर आतंकियों को मदद देने और उनके लिए जरूरी सामान व सपोर्ट उपलब्ध कराने का आरोप है.
पुलिस ने यह कार्रवाई हजरतबल इलाके में देर रात चलाए गए ऑपरेशन के दौरान की. गिरफ्तार लोगों की पहचान जहूर अहमद मीर, बशीर अहमद भट, गुलाम मोहम्मद भट और शाजिया मोहम्मद के रूप में हुई है। ये सभी श्रीनगर के ही रहने वाले हैं.
अन्य आरोपियों की जानकारी
सूत्रों के अनुसार, जहूर अहमद मीर एक बिजनेसमैन है और उसके दाचीगाम इलाके में मधुमक्खी पालन से जुड़ी गतिविधियाँ हैं. उसे उस समय पकड़ा गया जब वह अपनी गाड़ी में हथियार लेकर जा रहा था. बाकी दो आरोपी बशीर अहमद भट और गुलाम मोहम्मद भट इलेक्ट्रिशियन का काम करते हैं. वहीं, शाजिया मोहम्मद एक कॉलेज छात्रा बताई जा रही है.
जांच में यह भी सामने आया है कि शाजिया के पिता को पहले ही पुलिस ने गिरफ्तार किया था, क्योंकि उनका संबंध आतंकियों की मदद करने से जुड़ा पाया गया था. बताया जा रहा है कि इस पूरे नेटवर्क का संपर्क कुछ सक्रिय आतंकियों से भी था, जिनमें एक विदेशी ऑपरेटिव का नाम भी सामने आया है.
UAPA और आर्म्स एक्ट के तहत केस
वहीं, पुलिस का कहना है कि इस मॉड्यूल की जांच अभी जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं. गिरफ्तारी के दौरान पुलिस को एक हैंड ग्रेनेड, AK-47 की गोलियां, कुछ मोबाइल फोन और नकदी भी मिली है. इस मामले में UAPA और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है.
अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई से शहर में सक्रिय आतंकी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है, लेकिन जांच अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है.
ये भी पढ़ें- दूसरी बार मां बनने जा रहीं Deepika Padukone, रणवीर सिंह के घर गूंजेगी किलकारी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









