Mumbai Local Train : मुंबई के वसई और नालासोपारा रेलवे स्टेशन के बीच उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक व्यक्ति अचानक रेलवे ट्रैक पर आकर खड़ा हो गया. बताया जा रहा है कि वह आत्महत्या के इरादे से ट्रेन के सामने पहुंचा था. सामने व्यक्ति को देखते ही मुंबई लोकल को तुरंत रोक दिया गया, लेकिन वह ट्रैक से हटने को तैयार नहीं हुआ.
घटना के दौरान रेलवे स्टाफ और मौके पर मौजूद लोगों ने व्यक्ति को लगातार ट्रैक छोड़ने के लिए समझाया. काफी देर तक समझाने के बावजूद उसने वहां से हटने से इनकार कर दिया. इसी बीच रेलवे स्टाफ का एक सदस्य ट्रैक पर उतरा और उसे हटाने की कोशिश की. जब वह नहीं माना तो गुस्से में स्टाफ ने उसे कई तमाचे मार दिए. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
वीडियो में ट्रेन में मौजूद कुछ यात्री भी नाराज दिखाई देते हैं, उन्हें कहते हुए सुना जा सकता है कि उसे पीटो. बताया जा रहा है कि पीक आवर्स के दौरान हुई इस घटना के कारण ट्रेन काफी देर तक ट्रैक पर खड़ी रही, जिससे यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ा.
रेलवे ट्रैक के पास ही बड़ा नाला
घटना के दौरान कुछ यात्री यह कहते भी सुनाई दिए कि उसे पकड़कर पास के नाले में फेंक दो. हालांकि रेलवे स्टाफ ने स्थिति को संभालते हुए व्यक्ति को समझाकर ट्रैक से नीचे उतारा. कुछ समय के लिए मौके पर तनावपूर्ण माहौल बना रहा.
एहतियात के तौर पर वेस्टर्न रेलवे ने प्रभावित रूट पर कुछ समय के लिए मुंबई लोकल ट्रेन सेवाएं रोक दीं. इस वजह से कई उपनगरीय ट्रेनें देरी से चलीं और यात्रियों को असुविधा हुई. घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवान और रेलवे कर्मचारी मौके पर पहुंच गए. लगातार समझाने के बाद उस व्यक्ति को सुरक्षित तरीके से रेलवे ट्रैक से हटा लिया गया.
वेस्टर्न रेलवे की अपील
घटना का वीडियो सामने आने के बाद कई लोग रेलवे कर्मचारियों की तत्परता की सराहना कर रहे हैं. वेस्टर्न रेलवे ने लोगों से अपील की है कि वे गैरकानूनी तरीके से रेलवे ट्रैक पर न जाएं और न ही ट्रैक पार करने की कोशिश करें. रेलवे ने कहा कि इस तरह की हरकतें बेहद खतरनाक होती हैं और इससे ट्रेन संचालन भी प्रभावित हो सकता है.
ये भी पढ़ें- अमृतसर में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 10 किलो हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









