Punjab

अमृतसर में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 10 किलो हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

Amritsar News : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशानुसार पंजाब को नशा मुक्त राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने 10 किलो हेरोइन सहित दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर सीमा पार के नशा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। यह जानकारी आज यहाँ पुलिस महानिदेशक (डी.जी.पी.) पंजाब गौरव यादव ने दी।

गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान जसबीर सिंह उर्फ मोनू और अमृतपाल सिंह उर्फ मोटा के रूप में हुई है, जो दोनों अमृतसर के रणगढ़ के रहने वाले हैं। हेरोइन बरामद करने के अलावा पुलिस टीमों ने उनकी मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है, जिसका इस्तेमाल वे नशा तस्करी के लिए करते थे।

डी.जी.पी. गौरव यादव ने बताया कि इस मामले में शामिल सभी सहयोगियों की पहचान और पूरी सप्लाई चेन का खात्मा करने के लिए आगे-पीछे के संबंधों की जांच की जा रही है।

पुख्ता सूचना के आधार पर कार्रवाई

ऑपरेशन का विवरण साझा करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एस.एस.पी.) अमृतसर ग्रामीण कंवलप्रीत सिंह चाहल ने बताया कि पुलिस टीमों को पुख्ता सूचना मिली थी कि सीमा-पार के नशा तस्करी नेटवर्क से संबंधित दो व्यक्तियों ने हेरोइन की एक बड़ी खेप प्राप्त की है, जिसे वे घरिंडा क्षेत्र में सप्लाई करने वाले हैं।

10.03 किलो हेरोइन बरामद हुई

उन्होंने बताया कि प्राप्त सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने इलाके में नाकाबंदी करके जसबीर उर्फ मोनू और अमृतपाल उर्फ मोटू को उस समय काबू कर लिया, जब वे अपनी मोटरसाइकिल पर जा रहे थे। उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 10.03 किलो हेरोइन बरामद हुई।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

एस.एस.पी. ने कहा कि जांच आगे बढ़ने के साथ आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां और बरामदगी होने की संभावना है। इस संबंध में थाना घरिंडा, अमृतसर ग्रामीण में एन.डी.पी.एस. एक्ट की धारा 21 के तहत एफ.आई.आर. संख्या 339 दिनांक 4/8/2026 दर्ज की गई है।

ये भी पढ़ें- विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, 1,00,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए वरिष्ठ सहायक को रंगे हाथ काबू किया

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button