राष्ट्रीय

‘तस्वीरें जारी कर तोड़ा भरोसा…’ सरकार पर सोनम वांगचुक का बड़ा आरोप

Sonam Wangchuk : नीट पेपर लीक के खिलाफ 26 दिनों तक अनशन करने वाले एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक ने अब अनशन खत्म होने की रात से जुड़ा बड़ा दावा किया है, उन्होंने कहा कि उनकी इच्छा थी कि अनशन समाप्त करने की घोषणा सरकार, विपक्ष और छात्र प्रतिनिधियों की मौजूदगी में एक साथ हो, लेकिन ऐसा नहीं हो सका.

एक न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में सोनम वांगचुक ने बताया कि केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह के साथ आधी रात को हुई मुलाकात के दौरान यह सहमति बनी थी कि उस बैठक की कोई भी तस्वीर तब तक सार्वजनिक नहीं की जाएगी, जब तक विपक्ष के नेताओं और छात्र प्रतिनिधियों को भी इस घोषणा में शामिल नहीं कर लिया जाता.

सोनम का आरोप है कि मंत्रियों ने इस बात का भरोसा दिया था, लेकिन कुछ ही देर बाद तस्वीरें मीडिया में जारी कर दी गईं, उन्होंने कहा कि यह तय समझौते के खिलाफ था.

लद्दाख में ये है रिवाज

सोनम वांगचुक ने कहा कि लद्दाख में लंबे समय से यह परंपरा रही है कि जब प्रदर्शनकारियों की मांगें स्वीकार की जाती हैं, तब सरकारी प्रतिनिधि उन्हें जूस या सूप पिलाकर उपवास समाप्त कराते हैं. उनका कहना था कि इस मौके को केवल सत्ताधारी दल के कार्यक्रम के रूप में नहीं दिखाया जाना चाहिए.

उन्होंने कहा कि उनकी इच्छा थी कि इस कार्यक्रम में दूसरी राजनीतिक पार्टियों के नेता और छात्र प्रतिनिधि भी मौजूद रहें, ताकि यह सभी पक्षों का साझा प्रयास दिखाई दे.

सोनम के मुताबिक, उन्होंने मंत्रियों से साफ कहा था कि वह अनशन तोड़ देंगे, लेकिन इसकी जानकारी उनकी तय शर्तों के अनुसार ही सार्वजनिक की जाए. उनकी मांग थी कि विपक्ष और यदि संभव हो तो छात्र नेताओं की मौजूदगी में तस्वीरें जारी की जाएं.

आईबी ऑफिसर थे गवाह

सोनम वांगचुक ने दावा किया कि बैठक में मौजूद इंटेलिजेंस ब्यूरो के वरिष्ठ अधिकारियों को भी इस सहमति का गवाह बनाया गया था, उन्होंने बताया कि उन्होंने अधिकारियों से कहा था कि जब तक सभी पक्षों की मौजूदगी में घोषणा नहीं होती, तब तक कोई तस्वीर मीडिया में नहीं जाएगी.

हालांकि, उनका कहना है कि कुछ ही मिनटों बाद एक वरिष्ठ आईबी अधिकारी उनके पास पहुंचे और बताया कि तस्वीरें पहले ही टेलीविजन चैनलों पर प्रसारित हो चुकी हैं. सोनम के अनुसार, वह दूसरी पार्टियों के नेताओं के साथ तस्वीरें लेने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन उससे पहले ही पूरा मामला सार्वजनिक हो गया.

ये भी पढ़ें- अमृतसर में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 10 किलो हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button