US Iran Conflict : अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है. अमेरिकी सेना ने लगातार तीसरी रात ईरान के कई सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले किए हैं. अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के मुताबिक इन हमलों का मकसद ईरान की ड्रोन, मिसाइल और समुद्री निगरानी क्षमता को कमजोर करना है, ताकि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने वाले कारोबारी जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.
CENTCOM ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है. सेना का कहना है कि ईरान के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर उसकी हमले की क्षमता को लगातार कमजोर किया जा रहा है. वहीं, ईरानी मीडिया के अनुसार अमेरिकी हमलों के बाद बंदर अब्बास, किश द्वीप, बुशहर प्रांत के जम शहर और केश्म द्वीप में कई तेज धमाकों की आवाजें सुनी गईं.
अमेरिकी पक्ष की ओर से यह भी दावा किया गया है कि यह सैन्य अभियान दो से तीन सप्ताह तक जारी रह सकता है. इसके साथ ही ईरान के पहाड़ों के भीतर बने अत्यधिक सुरक्षित कुह-ए-कोलांग गज-ला, जिसे पिकऐक्स माउंटेन भी कहा जाता है, को संभावित निशाना बताया गया है.
होर्मुज को लेकर बढ़ा नया विवाद
तनाव के बीच अमेरिका ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में ईरान के खिलाफ फिर से समुद्री नाकाबंदी लागू करने का ऐलान किया है. राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि ईरानी जहाजों को इस मार्ग से गुजरने की अनुमति नहीं दी जाएगी, जबकि अन्य देशों के जहाजों से सुरक्षा के बदले 20 प्रतिशत शुल्क लिया जाएगा, उन्होंने खुद को “गार्जियन ऑफ द स्ट्रेट ऑफ होर्मुज” बताते हुए कहा कि यह कदम समुद्री सुरक्षा बनाए रखने के लिए उठाया गया है. यह समुद्री मार्ग दुनिया के करीब 20 प्रतिशत कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस की आपूर्ति के लिए बेहद अहम माना जाता है.
ईरान ने किया अमेरिकी दावे का विरोध
CENTCOM का कहना है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर ईरान का नियंत्रण नहीं है और अमेरिकी सेना ने ईरान के एयर डिफेंस सिस्टम, रडार, मिसाइल, ड्रोन और नौसैनिक ठिकानों को निशाना बनाया है. हालांकि, ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज ईरान के अधिकार क्षेत्र में आता है और अमेरिका का हस्तक्षेप अवैध है.
संयुक्त राष्ट्र ने जताई चिंता
बढ़ते तनाव पर संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने चिंता जताई है, उन्होंने कहा कि यदि हालात और बिगड़ते हैं तो इसके गंभीर और विनाशकारी परिणाम हो सकते हैं. गुटेरेस ने सभी पक्षों से संयम बरतने और कूटनीतिक समाधान की दिशा में आगे बढ़ने की अपील की.
ये भी पढ़ें – लाल किला कार बम धमाका: अदालत ने 11 पीड़ितों के शवों के अंतिम संस्कार की दी अनुमति, NIA से मांगी रिपोर्ट
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









