Bangkok Model Arrested : एयर इंटेलिजेंस यूनिट (एआईयू) ने बैंकॉक से मुंबई पहुंची 28 वर्षीय मॉडल हर्षा सनी को कथित रूप से हाइड्रोपोनिक गांजे की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है. हर्षा सनी वर्ष 2025 में आयोजित मिसेज केरल ब्यूटी प्रतियोगिता की प्रतिभागी रह चुकी हैं. कस्टम अधिकारियों के अनुसार, वह 10 और 11 जून की दरमियानी रात एयर इंडिया की फ्लाइट TG-351 से मुंबई पहुंची थीं.
अधिकारियों को संदेह होने पर उनकी जांच की गई. तलाशी के दौरान उनके ट्रॉली बैग से 12 वैक्यूम-सील पैकेट बरामद किए गए. जब इन पैकेटों को खोला गया तो उनमें हरे रंग का संदिग्ध पदार्थ पाया गया. एनडीपीएस परीक्षण किट से जांच करने पर यह पदार्थ कैनबिस की सूखी फूल और फलयुक्त कलियां निकला, जिसे हाइड्रोपोनिक वीड बताया गया. बरामद मादक पदार्थ की कीमत 11 करोड़ 82 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है.
हाइड्रोपोनिक वीड के साथ गिरफ्तारी
इसके बाद कस्टम विभाग ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए हर्षा सनी को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां किला कोर्ट ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया.
बता दें कि हाइड्रोपोनिक गांजा एक ऐसी तकनीक से तैयार किया जाता है, जिसमें पौधों को मिट्टी के बजाय नियंत्रित वातावरण में उगाया जाता है. हाल के वर्षों में इस प्रकार के गांजे की मांग और तस्करी के मामलों में बढ़ोतरी देखने को मिली है. बैंकॉक को इसके प्रमुख केंद्रों में से एक माना जाता है, जहां से इसकी तस्करी भारत समेत कई देशों तक की जाती है.
सामान्य गांजे की तुलना में ज्यादा असरदार
जानकारी के अनुसार, हाइड्रोपोनिक गांजे में टीएचसी (टेट्राहाइड्रोकैनाबिनोल) की मात्रा सामान्य गांजे की तुलना में काफी अधिक होती है. सामान्य गांजे में जहां टीएचसी की मात्रा 3 से 4 प्रतिशत के बीच होती है, वहीं हाइड्रोपोनिक गांजे में यह 30 से 40 प्रतिशत तक पाई जा सकती है. इसी कारण इसे अधिक प्रभावशाली और महंगा माना जाता है. एयरपोर्ट्स पर इसकी तस्करी से जुड़े कई मामले पहले भी सामने आ चुके हैं. ताजा मामले में हर्षा सनी की गिरफ्तारी ने एक बार फिर इस तरह की तस्करी की ओर ध्यान खींचा है.
ये भी पढ़ें- पंजाब सरकार ने युवाओं को केवल योग्यता के आधार पर 67,000 से अधिक सरकारी नौकरियां दीं- कुलतार सिंह संधवां
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









