Bihar

‘केसी सिन्हा तो झांकी है, जमानत जब्त होना बाकी है’, बांकीपुर उपचुनाव से पहले पटना में प्रशांत किशोर के खिलाफ पोस्टर वार

Bihar News : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव से पहले राजधानी पटना की सियासत गरमा गई है। जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर के खिलाफ लगाए गए पोस्टरों ने राजनीतिक माहौल को और गर्म कर दिया है। पोस्टरों में लिखा गया है, “केसी सिन्हा तो झांकी है, जमानत जब्त अभी बाकी है” और “इनको वोट नहीं, नोट चाहिए।” पोस्टर के नीचे ‘सौजन्य- बांकीपुर की जनता’ लिखा गया है। इसमें प्रशांत किशोर को टोपी और गमछा पहने हुए दिखाया गया है।

बांकीपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को मतदान होना है। इस चुनाव में जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर मैदान में हैं, जबकि बीजेपी ने नीरज कुमार सिन्हा को अपना उम्मीदवार बनाया है। मतदान की तारीख नजदीक आने के साथ ही राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। ऐसे में इन पोस्टरों ने चुनावी माहौल को और गर्म कर दिया है।

कई नेता बीजेपी में शामिल हुए

इस बीच जन सुराज को उस समय बड़ा झटका लगा, जब पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बुधवार को पटना स्थित बीजेपी कार्यालय में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। इस मौके पर बिहार बीजेपी अध्यक्ष संजय सरावगी ने सभी नए सदस्यों का स्वागत किया।

बीजेपी में शामिल होने वालों में दीघा से पूर्व उम्मीदवार बिट्टू सिंह, मेयर पद की उम्मीदवार विनीता बिट्टू, कुम्हरार से उम्मीदवार केसी सिन्हा और मनेर से उम्मीदवार गोपाल सिंह शामिल हैं। इनके साथ बड़ी संख्या में समर्थक और कार्यकर्ता भी बीजेपी में शामिल हुए।

प्रशांत किशोर पर साधा निशाना

सदस्यता लेने के बाद बिट्टू सिंह ने कहा कि अब उनका राजनीतिक सफर बीजेपी के साथ ही रहेगा। वहीं, गोपाल सिंह ने प्रशांत किशोर पर निशाना साधते हुए कहा, “वहां कोई विजन नहीं है। एक अहंकारी व्यक्ति संगठन नहीं चला सकता,” उन्होंने बीजेपी के साथ पूरी निष्ठा और समर्पण से काम करने का संकल्प भी लिया।

बीजेपी ने नए सदस्यों का किया स्वागत

प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्र सरकार की नीतियों से प्रभावित होकर जन सुराज के कई नेताओं ने बीजेपी की सदस्यता ली है। वहीं, बिहार बीजेपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि बड़ी संख्या में नेताओं का बीजेपी में शामिल होना समृद्ध बिहार और विकसित भारत के प्रति लोगों के भरोसे का प्रमाण है।

ये भी पढ़ें- शादी की बारात के लिए बुक कर सकते हैं पूरी ट्रेन या कोच, जानिए रेलवे की FTR सेवा का पूरा तरीका

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button