बड़ी ख़बरराजनीतिराष्ट्रीय

मनीष सिसोदिया के घर CBI छापेमारी को कांग्रेस ने बताया उचित, कहा सभी जाएंगे जेल  

नई दिल्ली: CBI ने दिल्ली आबकारी नीति मामले में एफआइआर दर्ज करने के बाद दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के आवास पर शुक्रवार को छापेमारी की। सीबीआई ने दिल्ली आबकारी नीति 2021-2022 के क्रियान्वयन में कथित अनियमितताओं के संबंध में 20 अन्‍य जगहों पर भी छापेमारी की। इसे लेकर आम आदमी पार्टी केंद्र सरकार पर हमलावर है तो विपक्षी कांग्रेस खुश नजर आ रही है।

कांग्रेस ने छापेमारी को बताया उचित

कांग्रेस जो राजनीतिक विरोधियों के दमन के लिए केंद्र सरकार पर एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाती रही है, दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के आवास पर सीबीआई की छापेमारी को जायज ठहरा रही है। कांग्रेस ने शुक्रवार को कहा कि केंद्रीय जांच एजेंसियों के गलत इस्‍तेमाल के कारण ही ऐसी स्थिति बन गई है कि यदि एजेंसी सही काम करती है तो भी ‘भ्रष्ट लोग’ दुरुपयोग की दुहाई देकर बच निकलते हैं।

कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने आम आदमी पार्टी पर करारा हमला बोला। उन्‍होंने कहा- मुझे विश्वास है कि यदि इस केस में निष्ठा के साथ रेड पड़ती है और मामला चलता है तो आम आदमी पार्टी की कैबिनेट, उसका मुख्यमंत्री, उसका राष्ट्रीय अध्यक्ष कोई भी शायद ऐसा नहीं होगा जो जेल जाने से बच पाएगा। दिल्ली सरकार में पिछले 7 से 8 साल से जो हो रहा था, उसमें आश्चर्य ये है कि अब तक रेड क्यों नहीं पड़ी? आबकारी नीति, स्कूल बनाने में धांधली, शिक्षक भर्ती घोटाला, सिविल डिफेंस भर्ती घोटाला जिसमें भी आप देखेंगे तो उसमे एक नहीं 10-10 छापे पड़ने चाहिए।  

Related Articles

Back to top button