UP Road Accident : यूपी में आजमगढ़–वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर देवगांव कोतवाली क्षेत्र के बरडीहा मोड़ के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ट्रेलर और अर्टिका कार की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग वाहन के अंदर फंस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल संयुक्त सौ शैय्या चिकित्सालय लालगंज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल अजमल आलम को प्राथमिक उपचार के बाद उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के मुताबिक, कार में सवार सभी लोग झारखंड के पलामू जिले के मोहनिया गांव के रहने वाले थे। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य तेज करने तथा घायल को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
दुर्घटना में चार लोगों की मौत
इससे पहले उन्नाव में गंगा एक्सप्रेसवे पर भी एक दर्दनाक हादसा सामने आया था, जहां तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई थी। इस दुर्घटना में चार युवकों की जान चली गई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कार की रफ्तार काफी अधिक थी, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका।
वाहन बुरी तरह हो गया क्षतिग्रस्त
आसीवन थाना क्षेत्र में हुए इस हादसे में प्रयागराज के चार युवक कार से मेरठ की ओर जा रहे थे, तभी एक्सप्रेसवे पर खड़े ट्रक से उनकी कार टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें- नोएडा में वाहन चोरी गिरोह का भंडाफोड़, दो शातिर चोर गिरफ्तार, 11 बाइक समेत हथियार बरामद
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









