Viral News : क्या आपने कभी किसी अंतिम यात्रा को बारात जैसा देखा है? शायद नहीं. लेकिन बिहार के भोजपुर जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सभी को हैरान कर दिया. यहां एक पोते ने अपनी दादी की अंतिम विदाई को इतने भव्य तरीके से आयोजित किया कि लोग देखते रह गए. सैकड़ों गाड़ियों का काफिला, बड़ी संख्या में लोग, डीजे, लौंडा डांस और ड्रोन कैमरों से रिकॉर्डिंग- ये सब किसी शादी में नहीं, बल्कि एक शवयात्रा में देखने को मिला. इस अनोखे आयोजन की चर्चा पूरे इलाके के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी हो रही है.
यह घटना भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड की है, जहां 95 वर्षीय कौशल्या देवी का निधन हो गया. आमतौर पर अंतिम यात्रा सादगी के साथ निकाली जाती है, लेकिन यहां उनके पोतों ने इसे खास बनाने का फैसला किया. इसी वजह से एक सामान्य शवयात्रा पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई और बड़ी संख्या में लोग इसे देखने के लिए इकट्ठा हो गए.
24 घंटे में तैयार हुआ भव्य काफिला
इस आयोजन की सबसे खास बात इसका विशाल स्वरूप था. पोते रमेश पांडे ने महज 24 घंटे के भीतर 700 से अधिक गाड़ियों की व्यवस्था कर ली. इस काफिले में लगभग 3500 लोग शामिल हुए. सड़कों पर इतनी लंबी लाइन देखकर लोगों को लगा जैसे कोई बड़ी बारात निकल रही हो. भीड़ इतनी थी कि कई लोग अपने घरों की छतों से यह दृश्य देख रहे थे.
डांस और ड्रोन से रिकॉर्ड हुआ हर पल
इस अंतिम यात्रा में केवल गाड़ियों का काफिला ही नहीं था, बल्कि पूरा माहौल एक समारोह जैसा नजर आ रहा था. बैंड-बाजे, डीजे और पारंपरिक लौंडा डांस ने इसे अलग ही रूप दे दिया. साथ ही ड्रोन कैमरों से पूरे कार्यक्रम को रिकॉर्ड किया गया, जिससे हर दृश्य को कैद किया गया. इसे देखकर कई लोग यह समझ नहीं पा रहे थे कि यह विदाई है या कोई उत्सव.
दादी की आखिरी इच्छा बनी भव्य आयोजन
आपको बता दें कि कौशल्या देवी की एक इच्छा थी. उन्होंने कहा था कि जिस तरह वह इस घर में दुल्हन बनकर आई थीं, उसी तरह उनकी विदाई भी धूमधाम से होनी चाहिए. उनके छह पोतों ने उनकी इस इच्छा को पूरा किया और उसे एक बड़े आयोजन का रूप दे दिया, जो अब पूरे इलाके में चर्चा का कारण बना हुआ है.
ये भी पढ़ें- ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारतीय सेना की बढ़ी ताकत, 50 नई यूनिट्स और हाईटेक हथियारों से लैस
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









