राष्ट्रीय

केतन हत्याकांड में सिया के माता-पिता से पूछताछ, बोले- हमें साजिश की जानकारी नहीं थी

Ketan Agarwal Murder Case : केतन अग्रवाल हत्याकांड मामले में मुख्य आरोपी सिया गोयल के पिता प्रवीण गोयल और मां पूजा गोयल से शनिवार (27 जून) को लोणावला ग्रामीण पुलिस ने कई घंटों तक पूछताछ की. पूछताछ के दौरान सिया के भाई साहिल गोयल भी मौजूद रहे. पुलिस सुबह करीब 11:15 बजे से गोयल परिवार से मामले से जुड़े अलग-अलग पहलुओं पर जानकारी जुटाती रही.

पूछताछ के दौरान पुलिस ने सिया और चेतन के बीच संबंधों को लेकर परिवार से सवाल किए. सिया की मां से पूछा गया कि क्या उन्हें पता था कि सिया और चेतन दोस्त थे या दोनों के बीच प्रेम संबंध थे. इस पर उन्होंने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी, क्योंकि सिया ने कभी चेतन के बारे में परिवार को कुछ नहीं बताया था.

पुलिस ने यह भी जानना चाहा कि क्या सिया ने कभी चेतन से शादी करने की इच्छा जताई थी।.जवाब में परिवार ने बताया कि सिया ने कभी ऐसा कोई जिक्र नहीं किया था.

शादी के फैसले पर सवाल

पुलिस ने सिया से केतन अग्रवाल की शादी को लेकर भी परिवार से जानकारी ली. इस पर माता-पिता ने बताया कि केतन का रिश्ता मित्तल परिवार की ओर से आया था, उन्होंने पहले सिया को केतन की जानकारी दी और तस्वीरें दिखाईं. सिया की सहमति के बाद ही आगे की बातचीत हुई और शादी तय की गई.

परिवार ने बताया कि अंतिम फैसला लेने से पहले भी सिया से उसकी राय ली गई थी. सिया की सहमति के बाद ही सगाई हुई थी.

पूछताछ में पुलिस ने यह भी सवाल किया कि क्या सिया को केतन का व्यवहार पसंद नहीं था. इस पर परिजनों ने कहा कि शादी तय होने के बाद दोनों के बीच बातचीत होती थी. सगाई के बाद दोनों कई बार मिले और बाहर भी गए. केतन कई बार उनके घर भी आए, लेकिन सिया ने कभी उनके स्वभाव को लेकर कोई शिकायत नहीं की.

शादी के दबाव से परिवार का इनकार

पुलिस ने परिवार से पूछा कि क्या सिया पर केतन से शादी करने के लिए दबाव बनाया जा रहा था. इस पर माता-पिता ने कहा कि ऐसा नहीं था और सिया ने कभी मजबूरी में शादी करने की बात नहीं कही.

परिजनों ने बताया कि सिया उनकी बेटी है और उन्होंने उस पर किसी तरह का दबाव नहीं डाला.

इसके अलावा पुलिस ने यह भी पूछा कि क्या परिवार को जानकारी थी कि शादी तय होने के बाद भी सिया चेतन से मिल रही थी. इस पर परिजनों ने कहा कि उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं थी.

चेतन-साहिल की दोस्ती पर सवाल

पुलिस ने साहिल और चेतन की दोस्ती को लेकर भी सवाल किए. परिवार ने बताया कि साहिल ने खुद बताया था कि चेतन उसका दोस्त है. दोनों क्रिकेट खेलने के दौरान एक ही मैदान में मिलते थे. हालांकि परिवार ने कहा कि उन्होंने दोनों को कभी साथ नहीं देखा.

पूछताछ के आखिरी दौर में पुलिस ने परिवार से पूछा कि क्या उन्हें केतन की हत्या की साजिश के बारे में कोई जानकारी थी. इस पर परिजनों ने कहा कि उन्हें अब भी विश्वास नहीं हो रहा कि सिया ऐसा कदम उठा सकती है.

परिवार ने बताया कि केतन अक्सर उनके घर आते थे और सिया के साथ बाहर भी जाते थे, उन्होंने दोनों को हमेशा सामान्य और खुश देखा था, इसलिए उन्हें किसी साजिश की जानकारी नहीं थी.

ये भी पढ़ें- महाराष्ट्र TET पेपर लीक, रद्द हुई कल होने वाली परीक्षा, मामले की जांच में जुटी पुलिस

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button