राष्ट्रीय

वेनेजुएला में नहीं थम रहा भूकंप का कहर, फिर आया 4.9 तीव्रता का झटका, मौतों का आंकड़ा बढ़ा

Venezuela Earthquake : वेनेजुएला में भूकंप का सिलसिला लगातार जारी है. शुक्रवार को देश के उत्तरी तट से लगभग 61 किलोमीटर दूर 4.9 तीव्रता का एक और भूकंप दर्ज किया गया. इसके झटके मराके और राजधानी काराकस सहित कई इलाकों में महसूस किए गए. यह भूकंप बुधवार को आए दो भीषण भूकंपों के कुछ ही दिनों बाद आया है.

बुधवार को 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो शक्तिशाली भूकंपों ने पूरे देश में भारी तबाही मचाई थी. इस आपदा में अब तक 920 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 3,300 से अधिक लोग घायल बताए गए हैं.

मलबे में अपनों की तलाश जारी

भूकंप के बाद राहत और बचाव कार्य अपेक्षित गति से नहीं चल पा रहा है. कई प्रभावित क्षेत्रों में सरकारी बचाव दलों की कमी के कारण स्थानीय लोग अपने स्तर पर मलबा हटाकर लापता परिजनों की तलाश में जुटे हुए हैं. कई परिवार अपने प्रियजनों को सुरक्षित निकालने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि भूकंप के बाद पहले 48 से 72 घंटे तक मलबे में फंसे लोगों के जीवित मिलने की संभावना सबसे अधिक रहती है. अब 48 घंटे बीत जाने के कारण बचाव कार्य के लिए समय तेजी से कम होता जा रहा है.

दुनिया भर से वेनेजुएला पहुंच रही मदद

इस बीच, दुनिया के अलग-अलग देशों से सहायता वेनेजुएला पहुंच रही है. 24 से अधिक अंतरराष्ट्रीय बचाव दल या तो वहां पहुंच चुके हैं या जल्द पहुंचने वाले हैं. ये टीमें मलबे में फंसे लोगों को निकालने के अभियान में सहयोग कर रही हैं.

सरकार का कहना है कि प्रभावित इलाकों में हरसंभव सहायता पहुंचाई जा रही है. कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने बताया कि ला ग्वायरा क्षेत्र में लोगों के बीच खाद्य सामग्री और अन्य जरूरी सामान वितरित किया जा रहा है. साथ ही, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए अतिरिक्त सैनिकों की तैनाती का भी ऐलान किया गया है.

राहत सामग्री और बचाव दलों की कमी

हालांकि, प्रभावित लोगों का कहना है कि उन्हें मिल रही मदद पर्याप्त नहीं है. उनका आरोप है कि राहत सामग्री और बचाव दलों की संख्या जरूरत के मुकाबले काफी कम है. ऐसे में प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य को और तेज करने की आवश्यकता महसूस की जा रही है.

ये भी पढ़ें- भारत की अर्थव्यवस्था में बड़ा उछाल! GDP अनुमान बढ़ा, जानिए पूरी रिपोर्ट

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button