Akhilesh Yadav : उत्तर प्रदेश के अयोध्या स्थित श्री राम जन्मभूमि मंदिर के दानपात्रों में मिले चढ़ावे की राशि में कथित गड़बड़ी को लेकर चल रहा मामला अब दिन प्रति दिन राजनीतिक विवाद का रूप लेता जा रहा है. पुलिस और एसओजी की सक्रिय जांच के बीच समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस मुद्दे पर तीखी प्रतिक्रिया दी है. आगरा में आयोजित ‘विजन इंडिया’ कार्यक्रम में पहुंचे अखिलेश यादव ने मंदिर से जुड़े कर्मचारियों और जांच प्रक्रिया को लेकर कई सवाल उठाए.
मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने मंदिर से जुड़े सेवादारों और कर्मचारियों पर हो रही कार्रवाई पर नाराजगी जताई, उन्होंने कहा कि जो लोग धार्मिक स्थानों पर रहकर सेवा करते हैं और आस्था से जुड़े कार्यों को निभाते हैं, उनकी इस तरह जांच किया जाना उचित नहीं है.
धार्मिक लोगों को इस तरह लाना सही नहीं
अखिलेश यादव ने इस पूरी कार्रवाई को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि धार्मिक संस्थाओं से जुड़े लोगों को इस तरह की स्थिति में लाना सही नहीं है और इससे आस्था से जुड़े स्थानों पर अनावश्यक विवाद पैदा होता है.
उन्होंने आगे कहा कि यदि चढ़ावे या दान की राशि को लेकर कोई भी संदेह या आंतरिक समस्या सामने आती है, तो उसे सार्वजनिक करने के बजाय आपसी बातचीत से सुलझाया जाना चाहिए. अखिलेश यादव का कहना था कि ऐसे मामलों को मीडिया में लाकर चर्चा का विषय नहीं बनाना चाहिए.
कोई अनियमितता नजर नहीं आई
इधर, राम जन्मभूमि मंदिर ट्रस्ट के सदस्य महंत दिनेंद्र दास ने भी इस मामले पर अपना पक्ष रखा है, उन्होंने सेवादार राम शंकर यादव उर्फ टिन्नू को लेकर उठे सवालों पर कहा कि उन्हें अब तक उनके खिलाफ कोई अनियमितता नजर नहीं आई है. साथ ही उन्होंने बताया कि मंदिर की व्यवस्था सामान्य रूप से चल रही है और अब तक जांच एजेंसियों ने उनसे किसी प्रकार की पूछताछ नहीं की है, उन्होंने यह भी कहा कि जांच के निष्कर्ष को सभी पक्ष स्वीकार करेंगे.
ये भी पढ़ें- असम के जोरहाट में भारतीय वायुसेना का AN-32 विमान क्रैश, लैंडिंग के दौरान हुआ बड़ा हादसा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप







