Punjab News : पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान ब्लॉक प्राइमरी शिक्षा कार्यालय, हाजीपुर, जिला होशियारपुर में तैनात क्लर्क गगन को 10,000 रूपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है.
इस संबंध में जानकारी देते हुए राज्य विजिलेंस ब्यूरो के एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि उक्त आरोपी को गांव सुल्तानपुर, जिला मालेरकोटला के एक निवासी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है.
उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता अपनी पत्नी, जो गांव सहोरा, ब्लॉक हाजीपुर, जिला होशियारपुर के सरकारी एलीमेंट्री स्कूल में ईटीटी अध्यापिका है, के चाइल्ड केयर लीव संबंधी कार्य के लिए बीपीईओ कार्यालय, हाजीपुर पहुंचा था.
शिकायतकर्ता से ₹10,000 की रिश्वत की मांग
बीपीईओ कार्यालय में शिकायतकर्ता की मुलाकात आरोपी क्लर्क से हुई. बाद में आरोपी ने शिकायतकर्ता से फोन पर संपर्क किया और उसकी पत्नी की चाइल्ड केयर लीव स्वीकृत करवाने के बदले 10,000 रूपये की रिश्वत की मांग की. शिकायतकर्ता ने रिश्वत मांगने संबंधी बातचीत को रिकॉर्ड कर लिया.
रिश्वत की राशि आरोपी के कब्जे से बरामद
शिकायतकर्ता अवैध रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने विजिलेंस ब्यूरो, रेंज जालंधर से संपर्क किया. शिकायत पर कार्रवाई करते हुए विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने जाल बिछाकर आरोपी क्लर्क को दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता से 10,000 रूपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया तथा उसके कब्जे से रिश्वत की राशि बरामद कर ली.
इस संबंध में आरोपी के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो थाना, जालंधर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. मामले की आगे की जांच जारी है.
ये भी पढ़ें- E20 Fuel पर छिड़ा बवाल, बड़े आंदोलन की तैयारी में टैक्सी यूनियन, 4 अगस्त को संसद घेरने की तैयारी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









