राष्ट्रीय

अमेरिका का ईरानी कार्गो शिप पर कथित मिसाइल हमला, तेहरान की चेतावनी-‘सबको भुगतना होगा खामियाजा’

US Iran Clash : अमेरिका-ईरान के बीच तनाव एक बार फिर तेजी से बढ़ता दिख रहा है, जबकि कुछ ही दिन पहले दोनों देशों के बीच हालात थोड़े शांत होने की उम्मीद जताई जा रही थी. ताजा घटनाक्रम में अमेरिका की ओर से एक ईरानी मालवाहक जहाज को निशाना बनाए जाने की खबर सामने आई है, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है.

जानकारी के मुताबिक यह कार्गो जहाज मलेशिया से ईरान की ओर जा रहा था और ओमान की खाड़ी के पास अमेरिकी नौसेना ने इसे रोकने का प्रयास किया. आरोप है कि जहाज ने रुकने के निर्देशों का पालन नहीं किया, जिसके बाद अमेरिकी बलों ने कार्रवाई करते हुए उसके इंजन सेक्शन पर हमला किया. इस हमले के बाद जहाज की गति रुक गई और उसे अमेरिकी नियंत्रण में ले लिए जाने की बात कही जा रही है. इस घटना की पुष्टि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए किए जाने का दावा भी सामने आया है.

वैश्विक ऊर्जा बाजार पर असर की चेतावनी

उधर, ईरान की ओर से भी जवाबी कार्रवाई की खबरें आई हैं. वहीं, तेहरान का कहना है कि उसने अमेरिकी नौसैनिक ठिकानों और युद्धपोतों को ड्रोन हमलों के जरिए निशाना बनाया है. हालांकि, अमेरिकी पक्ष ने अभी तक इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.

ईरान के उपराष्ट्रपति की ओर से सख्त बयान जारी करते हुए चेतावनी दी गई है कि इस तनाव के नतीजे गंभीर हो सकते हैं और वैश्विक ऊर्जा बाजार इससे प्रभावित हो सकता है, उन्होंने यह भी संकेत दिया कि यदि हालात इसी तरह बने रहे तो रणनीतिक समुद्री मार्गों पर असर पड़ सकता है, जिससे अंतरराष्ट्रीय तेल आपूर्ति पर दबाव बढ़ सकता है.

कूटनीतिक प्रयासों की संभावना

इसी बीच कूटनीतिक प्रयासों की संभावना भी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है. बताया जा रहा है कि कुछ देशों की मध्यस्थता से बातचीत की रूपरेखा तैयार की जा रही है, जिसमें परमाणु कार्यक्रम और प्रतिबंधों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा प्रस्तावित है.

सूत्रों के अनुसार, अमेरिका चाहता है कि ईरान लंबे समय तक यूरेनियम संवर्धन की प्रक्रिया को रोक दे, जबकि ईरान सीमित अवधि के लिए ही इस पर सहमत होने की स्थिति में है. इसके अलावा, आर्थिक प्रतिबंधों में राहत और जब्त संपत्तियों की वापसी भी वार्ता के प्रमुख मुद्दों में शामिल बताए जा रहे हैं.

ये भी पढ़ें- सीएम सैनी ने महिला आरक्षण पर विपक्ष को घेरा, बोले- महिलाओं के अधिकारों पर हुआ प्रहार

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button