Chhattisgarhराज्य

प्रसिद्ध पंडवानी गायिका पद्म विभूषण तीजन बाई का निधन, रायपुर AIIMS में ली अंतिम सांस

Teejan Bai Death : भारतीय लोक कला जगत से शनिवार को बेहद दुखद खबर सामने आई. छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध पंडवानी गायिका और पद्म विभूषण सम्मानित डॉ. तीजन बाई का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया, उन्होंने रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में अंतिम सांस ली. उनके निधन की पुष्टि AIIMS रायपुर के जनसंपर्क अधिकारी (PRO) ने की है. पिछले कई सप्ताह से उनका अस्पताल में इलाज चल रहा था.

जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात करीब 3:15 बजे उनकी तबीयत अचानक ज्यादा बिगड़ गई. डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उनका निधन हो गया. उनके जाने की खबर मिलते ही कला और संस्कृति जगत में शोक की लहर दौड़ गई.

मुख्यमंत्री ने जताया गहरा दुख

वहीं, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने तीजन बाई के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया, उन्होंने कहा कि तीजन बाई ने अपनी अद्भुत कला से छत्तीसगढ़ को देश ही नहीं, बल्कि दुनिया भर में नई पहचान दिलाई. मुख्यमंत्री ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि लोक कला और संस्कृति के क्षेत्र में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा.

पंडवानी गायन को किया समर्पित

वर्ष 1956 में दुर्ग जिले के गनियारी गांव में जन्मी तीजन बाई ने अपना पूरा जीवन पंडवानी गायन को समर्पित किया, उन्होंने उस दौर में कापालिक शैली को अपनाया, जब इस शैली में पुरुष कलाकारों का वर्चस्व माना जाता था. सामाजिक विरोध और कई चुनौतियों के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और अपनी अलग पहचान बनाई.

पंडवानी को दिलाई वैश्विक पहचान

हाथ में तंबूरा लेकर उनकी दमदार प्रस्तुति, प्रभावशाली आवाज और अभिनय ने पंडवानी को देश की सीमाओं से बाहर एशिया और यूरोप सहित कई अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुंचाया. पांच दशकों से अधिक लंबे अपने सफर में उन्होंने इस लोक परंपरा को नई ऊंचाई दी और नई पीढ़ी के कलाकारों को भी प्रेरित किया.

भारतीय लोक संस्कृति में उनके असाधारण योगदान के लिए उन्हें पद्म श्री, पद्म भूषण, पद्म विभूषण और संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार जैसे प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित किया गया. उनके निधन से भारतीय लोक कला ने अपनी एक अमूल्य धरोहर खो दी है.

ये भी पढ़ें – दिल्ली में ISI के निर्देश पर काम करने वाले 4 आतंकी गिरफ्तार, बड़े हमले की थी तैयारी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button